आय से 1.49 करोड़ अधिक संपत्ति मामले में परिवहन विभाग के SI पर EOU का शिकंजा, आरा और दानापुर में छापेमारी
आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति मामले में परिवहन विभाग के मोबाइल सब इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता के आरा और दानापुर स्थित ठिकानों पर छापेमारी की है।
HighLights
ईओयू ने परिवहन सब इंस्पेक्टर अमित गुप्ता पर कार्रवाई की।
आय से 1.49 करोड़ रुपये अधिक संपत्ति का आरोप है।
आरा और दानापुर में एक साथ छापेमारी की गई।
जागरण संवाददाता, आरा। आय से अधिक संपत्ति के मामले में ईओयू ने बड़ी कार्रवाई की है। इस बार रडार पर परिवहन विभाग का सब इंस्पेक्टर है।
पटना से आई आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने बुधवार की सुबह आरा शहर के अवधपुरी इलाके में भभुआ में पदस्थापित परिवहन विभाग के मोबाइल सब इंस्पेक्टर अमित कुमार गुप्ता के तीन मंजिला मकान पर छापेमारी की।
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में यह कार्रवाई की गई। ईओयू के अनुसार आय से 1, 49, 58, 500 (1 करोड़ 49 लाख 58 हजार 500) रुपये अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
इसी मामले में आर्थिक अपराध इकाई की एक अन्य टीम पटना जिले के दानापुर थाना क्षेत्र स्थित वरदान सिटी अपार्टमेंट में फ्लैट नंबर 609 में भी जांच कर रही है।

(आरा स्थित आवास पर पहुंची पुलिस।)
सुबह सात बजे पहुंची छापेमारी टीम
बुधवार की सुबह सात बजे से अर्थिक अपराध इकाई की टीम अचानक अवधपुरी स्थित मकान पर पहुंची और परिसर को अपने कब्जे में लेकर तलाशी शुरू कर दी।
साथ में भोजपुर पुलिस की टीम भी है। टीम के अधिकारी मकान के कमरों और अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
इस दौरान जमीन और मकान से संबंधित कागजात, वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड समेत अन्य दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। मकान परिसर में खड़ी इलेक्ट्रिक कार भी जांच के दायरे में है।
बताया जाता है कि अमित कुमार गुप्ता 2014 बैच के मोबाइल सब इंस्पेक्टर हैं और वर्तमान में भभुआ में पदस्थापित हैं। आरोप है कि सेवा में आने के बाद उन्होंने जमीन, मकान समेत बड़ी मात्रा में चल-अचल संपत्ति अर्जित की।
EOU की टीम इन संपत्तियों और उनके आय के ज्ञात स्रोतों के बीच सामंजस्य की जांच कर रही है। छापेमारी और तलाशी की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेज, संपत्ति और अन्य सामान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है। छापेमारी में शामिल अधिकारी अभी कुछ भी बोलने परहेज कर रहे हैं।
