आरा में दशहरा से पहले खत्म होगा 10 साल का इंतजार, अक्टूबर में खुलेगा लाइट ROB; 4 किमी अतिरिक्त दूरी से मुक्ति
दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन के पूर्वी गुमटी के पास निर्माणाधीन लाइट आरओबी का कार्य अंतिम चरण में ...और पढ़ें

अंतिम चरण में पहुंचा लाइट आरओबी का काम। जागरण
HighLights
आरा जंक्शन पूर्वी गुमटी पर लाइट आरओबी का निर्माण अंतिम चरण में।
अक्टूबर के पहले सप्ताह में जनता के लिए खुलने की तैयारी।
4 किमी अतिरिक्त दूरी से राहत, आवागमन होगा सुगम।
जागरण संवाददाता, आरा। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन के पूर्वी गुमटी के पास निर्माणाधीन लाइट रोड ओवरब्रिज आरओबी का करीब एक दशक से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है।
निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है और अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में इसे आम जनता के लिए खोलने की तैयारी है। ऐसे में इस वर्ष दुर्गा पूजा के दौरान आरओबी का तोहफा मिलने की उम्मीद है।
लाइट आरओबी के चालू होने से दक्षिणी क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। वर्तमान में रेलवे क्रासिंग के कारण लोगों को कई बार लंबा रास्ता तय कर दूसरे मार्ग से आना-जाना पड़ता है।
आरओबी चालू होने के बाद 52 तापा का टोला समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों के साथ ही शहर के कई मोहल्लों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। लोगों को करीब चार किलोमीटर तक अतिरिक्त दूरी तय करने से भी राहत मिलेगी।
अंतिम चरण में पहुंचा निर्माण कार्य
निर्माणाधीन लाइट आरओबी का अधिकांश काम पूरा हो चुका है। आरओबी पर ढलाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब अंतिम चरण में रुखड़ा टाइल्स लगाने समेत कुछ अन्य कार्य किए जाने हैं।
इन कार्यों को पूरा करने के बाद आरओबी को यातायात के लिए खोले जाने की तैयारी है। अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में इसे जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।
आवागमन होगा सुगम
आरओबी के चालू होने के बाद पूर्वी गुमटी पर रेलवे क्रासिंग के कारण होने वाली परेशानी से लोगों को काफी हद तक निजात मिलेगी।
ट्रेनों के आने-जाने के दौरान फाटक बंद होने से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है।
ROB बनने से रेलवे लाइन के ऊपर से सीधा आवागमन संभव होगा। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और शहरी इलाकों के बीच संपर्क भी बेहतर होगा।
करीब दस वर्षों से इस आरओबी के निर्माण और चालू होने का इंतजार कर रहे लोगों में अब इसके शीघ्र उद्घाटन को लेकर उत्साह है।
यदि निर्धारित समय पर शेष कार्य पूरा कर लिया जाता है, तो दुर्गा पूजा से पहले इसके चालू होने से बड़ी संख्या में लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
पूर्वी गुमटी के पास बन रहे लाइट आरओबी अक्टूबर माह में दुर्गा पूजा के आसपास चालू कर दिया जाएगा, जिसकी तैयारी जोर से चल रही है। अभिनव सिद्धार्थ, वरीय वाणिज्य पदाधिकारी, दानापुर रेल मंडल।
