आरा जंक्शन से चलेंगी तीन स्पेशल ट्रेनें, चंडीगढ़ से फिरोजपुर तक का सफर होगा आसान; देखें पूरा शेड्यूल
दानापुर रेल मंडल के आरा जंक्शन से चंडीगढ़, फिरोजपुर और आनंद विहार के लिए विशेष ट्रेनें शुरू की गई हैं। ...और पढ़ें

आरा जंक्शन के रास्ते चलेगी स्पेशल ट्रेन।
HighLights
आरा जंक्शन से तीन नई स्पेशल ट्रेनें शुरू हुईं।
चंडीगढ़, फिरोजपुर, आनंद विहार के लिए मिलेंगी सुविधा।
यात्रियों की भीड़ और वेटिंग लिस्ट में मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, आरा। दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन पर आने वाली एवं जाने वाली स्पेशल ट्रेन चंडीगढ़ के लिए चलाई जा रही है। यह जानकारी हाजीपुर रेलवे जोन के मुख्य सूचना जन संपर्क पर पदाधिकारी सरस्वती चंद्र ने दी।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और नियमित ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग को देखते हुए रेलवे ने आरा जंक्शन होकर चंडीगढ़, फिरोजपुर और आनंद विहार के लिए स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है।
11 से 27 सितंबर तक परिचालन
इससे भोजपुर समेत आसपास के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में काफी राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे के अनुसार मुजफ्फरपुर-आनंद विहार एसी स्पेशल 05219/20 का परिचालन 11 सितंबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को होगा।
मुजफ्फरपुर से खुलने के बाद यह ट्रेन पाटलिपुत्र, आरा जंक्शन, बक्सर और डीडीयू होते हुए आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में शनिवार को आनंद विहार से चलकर ट्रेन डीडीयू, बक्सर, आरा, पाटलिपुत्र और हाजीपुर होते हुए मुजफ्फरपुर जाएगी।
इसी तरह चंडीगढ़-पटना स्पेशल 04511/12 का परिचालन एक अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को होगा। चंडीगढ़ से चलकर यह ट्रेन डीडीयू और बक्सर के बाद आरा जंक्शन पहुंचेगी।
दानापुर से आरा, बक्सर और डीडीयू के रास्ते जाएगी
वापसी में शुक्रवार को पटना से खुलकर दानापुर, आरा, बक्सर और डीडीयू के रास्ते चंडीगढ़ जाएगी। वहीं फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल 04615/16 छह अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी।
फिरोजपुर से आने वाली ट्रेन आरा जंक्शन पर रुकने के बाद दानापुर होते हुए पटना पहुंचेगी। वापसी में बुधवार को पटना से खुलकर आरा, बक्सर और डीडीयू के रास्ते फिरोजपुर जाएगी।
इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से आरा से उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को नियमित ट्रेनों की वेटिंग से काफी हद तक राहत मिलेगी।
