विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा में शिक्षा विभाग के कर्मी के बंद घर में बड़ी चोरी, 1 करोड़ की संपत्ति साफ

Published: Sun, 02 Aug 2026 10:16 PM (IST)

आरा के नवादा थाना क्षेत्र में शिक्षा विभाग के एक कर्मी के बंद घर से चोरों ने करीब 82 लाख ...और पढ़ें

चोरी के बाद बिखरा हुआ सामान। (जागरण)

चोरी के बाद बिखरा हुआ सामान। (जागरण)

HighLights

  1. शिक्षा विभाग कर्मी के बंद घर में चोरी।

  2. चोरों ने नकदी, जेवरात समेत 82 लाख चुराए।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, आरा। शहर के नवादा थाना क्षेत्र अंतर्गत मिनिस्ट्रियल क्वार्टर स्थित क्वार्टर संख्या-8 में शिक्षा विभाग के एक कर्मी के बंद घर में चोरी की बड़ी वारदात हुई है।

अज्ञात चोर मकान की पीछे की खिड़की का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और नकदी, सोने-चांदी के जेवरात, लैपटाप समेत करीब एक करोड़ रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए।

मामले में पीड़ित की ओर से नवादा थाना में अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, बजरंगी प्रसाद गुप्ता शिक्षा विभाग के जिला अपीलीय प्राधिकार में कार्यालय सचिव के पद पर कार्यरत हैं।

उनकी पत्नी सोनी कुमारी जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ में सचिव हैं। दोनों परिवार के साथ मिनिस्ट्रियल क्वार्टर संख्या-8 में रहते हैं। बताया जाता है कि बजरंगी प्रसाद गुप्ता आवश्यक कार्य से तीन दिन पूर्व परिवार के साथ पटना गए थे।

इस दौरान घर बंद था। इसी बीच देर रात अज्ञात चोर मकान के पीछे की खिड़की का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखे बक्से, अलमारी और तीन गोदरेज तोड़ दिए।

उनमें रखे करीब 1.80 लाख रुपये नकद, लगभग 80 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, लैपटाप तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। वारदात के दौरान आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।

बिखरा हुआ मिला सामान

रविवार को परिवार के लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद नवादा थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इंस्पेक्टर विपिन बिहारी ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में मकान के पीछे की खिड़की तोड़कर चोरी किए जाने की बात सामने आई है। चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- पंजाब से लाई जा रही 1 करोड़ रुपये की शराब बिहार में जब्त, महाराष्ट्र के 2 तस्कर अरेस्ट