विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा में सुबह-सुबह खूनी वारदात, बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रहे हार्डवेयर दुकानदार की गोली मारकर हत्या

Published: Sat, 10 Oct 2026 10:50 AM (IST)

आरा में शनिवार सुबह बच्चे को स्कूल छोड़ने के बाद घर लौट रहे हार्डवेयर दुकानदार उपेंद्र सिंह की गोली मारकर ...और पढ़ें

CCTV फुटेज से हमलावरों की पहचान की कोशिश

CCTV फुटेज से हमलावरों की पहचान की कोशिश

HighLights

  1. आरा में हार्डवेयर दुकानदार उपेंद्र सिंह की हत्या।

  2. बच्चे को स्कूल छोड़कर लौटते समय वारदात।

  3. पुलिस भूमि विवाद, लेनदेन समेत कई पहलुओं पर जांच कर रही।

जागरण संवाददाता, आरा(भोजपुर)। आरा में शनिवार की सुबह अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। नवादा थाना क्षेत्र के बिहारी मिल ओवरब्रिज के पास सूर्य मंदिर के समीप स्कूटी से घर लौट रहे हार्डवेयर दुकानदार उपेंद्र सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर मौके से फरार हो गए।

बच्चे को स्कूल छोड़कर लौट रहे थे उपेंद्र सिंह

जानकारी के मुताबिक, उपेंद्र सिंह शनिवार सुबह करीब छह बजे अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने गए थे। वहां से वे गोढ़ना रोड स्थित गौतम बुद्ध नगर में अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान बिहारी मिल पुल के पास सूर्य मंदिर के समीप तीन हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया। गोली लगने से उनकी मौत हो गई।

अपाचे बाइक पर सवार थे तीन हमलावर

प्रत्यक्ष घटनाक्रम से जुड़ी शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीनों हमलावर अपाचे बाइक पर सवार थे। वारदात के बाद वे फरार हो गए।

मृतक की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहा गांव निवासी स्व. बैजू सिंह के 35 वर्षीय पुत्र उपेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वे बहीरो में हार्डवेयर की दुकान चलाते थे।

जमीन विवाद या रुपये का लेन-देन, जांच में जुटी पुलिस

हत्या की सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के लोगों और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है।

शुरुआती जांच में भूमि विवाद और रुपये के लेन-देन समेत कई बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है। हालांकि, हत्या की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

CCTV फुटेज से हमलावरों की पहचान की कोशिश

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुटे हैं।

दिन की शुरुआत में हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। अब पुलिस के सामने हमलावरों तक पहुंचने और हत्या की वजह का पता लगाने की चुनौती है।