विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

म्यांमार के बौद्ध मंदिर में विराजेंगी मां दुर्गा, 30 लाख की तैयारी से सजेगा आरा में पंडाल

Published: Fri, 18 Sep 2026 05:58 PM (IST)

भोजपुर के जीरो माइल पर इस बार दुर्गा पूजा पंडाल म्यांमार के बौद्ध मंदिर की तर्ज पर तैयार किया जा ...और पढ़ें

सेल्फी जोन और एलईडी बनेगा खास आकर्षण

सेल्फी जोन और एलईडी बनेगा खास आकर्षण

HighLights

  1. जीरो माइल पर म्यांमार बौद्ध मंदिर थीम पर पंडाल बन रहा।

  2. 28-30 लाख रुपये का अनुमानित खर्च, पांचवां वार्षिक आयोजन।

  3. सेल्फी जोन, एलईडी स्क्रीन, ड्रोन निगरानी प्रमुख आकर्षण होंगे।

संवादसूत्र, उदवंतनगर (भोजपुर)। भोजपुर जिला मुख्यालय आरा के प्रवेश द्वार जीरो माइल के समीप इस बार दुर्गा पूजा का नजारा कुछ अलग दिखने वाला है। यहां बनने वाला पूजा पंडाल म्यांमार के बौद्ध मंदिर के प्रारूप पर तैयार किया जा रहा है। इसी भव्य पंडाल में मां दुर्गा और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं विराजेंगी।

पूजा को लेकर पंडाल निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। आयोजन समिति के अध्यक्ष रिड्डू यादव के अनुसार, पंडाल निर्माण की जिम्मेदारी बिहिया के उमेश को दी गई है। वहीं पंडाल और आसपास की आकर्षक रोशनी की व्यवस्था बलिया के डीके डीजे की टीम संभालेगी।

28 से 30 लाख रुपये तक खर्च का अनुमान

मां दुर्गा समेत अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का निर्माण आरा के साजन और उनके सहयोगी करेंगे। पंडाल, प्रतिमा, लाइटिंग और अन्य व्यवस्थाओं को मिलाकर इस बार करीब 28 से 30 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

यह आयोजन लगातार पांचवें वर्ष हो रहा है। समिति के सदस्यों में इसे लेकर खासा उत्साह है। आयोजकों का कहना है कि जीरो माइल के साथ शहर के दक्षिणी हिस्से और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए यह पूजा स्थल आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहता है।

इन गांवों से जुड़ा है पूजा स्थल

जीरो माइल के अलावा बेहरा, मलथर, सलथर, तेतरिया, मिल्की, एकौना और भेलाई समेत आसपास के कई गांवों के लोग यहां पूजा-अर्चना और मेला घूमने पहुंचते हैं। पूजा पंडाल के आसपास मेले की भी तैयारी शुरू हो गई है।

दुकानदारों और मेला लगाने वालों के लिए जगह आवंटित करने का काम किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पर भी समिति की नजर है। पूरे आयोजन स्थल को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखने की तैयारी है।

सेल्फी जोन और एलईडी बनेगा खास आकर्षण

इस बार पूजा में धार्मिक आयोजन के साथ आधुनिक आकर्षण भी देखने को मिलेगा। मां की प्रतिमा और म्यांमार के बौद्ध मंदिर की तर्ज पर तैयार होने वाला पंडाल तो खास होगा ही, रंग-बिरंगी लाइटिंग भी लोगों का ध्यान खींचेगी।

युवाओं के लिए विशेष सेल्फी जोन तैयार किया जा रहा है। यहां पर्याप्त रोशनी के बीच लोग अपने स्वजन के साथ तस्वीरें ले सकेंगे। एलईडी स्क्रीन और सजावटी रोशनी भी मेले के आकर्षण को बढ़ाएगी।

सप्तमी से विसर्जन तक ड्रोन से निगरानी

सप्तमी से दशमी और विसर्जन तक आयोजन स्थल की ड्रोन कैमरे से निगरानी की जाएगी। पूजा समिति के सदस्य और वालंटियर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ व्यवस्था में तैनात रहेंगे।

मेले में अराजक तत्वों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी। सप्तमी और अष्टमी को प्रसाद वितरण होगा, जबकि नवमी के दिन भंडारे का आयोजन किया जाएगा। विसर्जन के दिन भव्य शोभायात्रा निकालने की भी तैयारी है।

पूजा के साथ मेले का भी दिखेगा भव्य रंग

जीरो माइल पर इस बार दुर्गा पूजा सिर्फ धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं रहने वाली है। भव्य पंडाल, आकर्षक लाइटिंग, प्रतिमाएं, मेला, सेल्फी जोन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम इसे खास बनाने की तैयारी में हैं। पांचवें साल के आयोजन को लेकर समिति पूरे उत्साह के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी है।