विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा से यूपी और दक्षिण बिहार का सफर होगा आसान, 6 रूटों पर बढ़ेगी सरकारी बस सेवा, वाराणसी से भी कनेक्‍शन

Published: Sun, 23 Aug 2026 03:38 PM (IST)

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के आरा डिपो से वाराणसी कैंट सहित दक्षिण और पश्चिम बिहार के कई शहरों के ...और पढ़ें

आरा से छह रूटों पर सरकारी बस चलाने की तैयारी। सांकेत‍िक तस्‍वीर

आरा से छह रूटों पर सरकारी बस चलाने की तैयारी। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. आरा डिपो से नई बस सेवाओं का प्रस्ताव भेजा गया।

  2. वाराणसी कैंट, सासाराम, औरंगाबाद जैसे शहरों को जोड़ेगी।

  3. यात्रियों को मिलेगी सीधी और सुविधाजनक परिवहन सुविधा।

जागरण संवाददाता, आरा। आरा से उत्तर प्रदेश और दक्षिण तथा पश्चिम बिहार के विभिन्न शहरों की यात्रा करने वाले आम यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है।

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के आरा डिपो से वाराणसी कैंट समेत सासाराम, औरंगाबाद, मोहनियां-रामगढ़ और भभुआ-चांद के लिए नई बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भेजा गया है।

राज्य मुख्यालय से प्रस्ताव कि मंजूरी मिलने के बाद इन रूटों पर बसों का परिचालन शुरू होने की संभावना है। बस सेवा शुरू होने से रोजाना सैकड़ों यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक परिवहन सेवा मिल सकेगी।

BSRTC को भेजा गया प्रस्‍ताव 

खासकर यूपी जाने वाले यात्रियों को पटना या अन्य स्थानों से बस बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी। आरा डिपो के प्रतिष्ठान अधीक्षक की ओर से विगत दिनों इन रूटों पर नई बसों के परिचालन का प्रस्ताव बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के राज्य मुख्यालय को भेजा गया है।

लंबे समय से स्थानीय यात्रियों की ओर से इन स्थानों के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग की जा रही थी। यात्रियों की जरूरत और विभिन्न रूटों पर परिवहन सुविधा की संभावनाओं को देखते हुए डिपो स्तर से प्रस्ताव भेजा गया है।

प्रस्ताव में अधिकतर बसों का परिचालन पटना से आरा होते हुए संबंधित गंतव्य तक कराने की मांग की गई है। इसके तहत पटना से आरा होकर सासाराम, पटना से आरा होकर वाराणसी कैंट, पटना से आरा होकर मोहनियां-रामगढ़ तथा पटना से आरा होकर भभुआ-चांद के लिए बस सेवा मांगी गई है।

इसके अलावा आरा डिपो से सीधे औरंगाबाद के लिए भी नई बस उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भेजा गया है। इससे आरा को केंद्र में रखते हुए उत्तर प्रदेश और दक्षिण- पश्चिम बिहार के बीच सड़क परिवहन का नेटवर्क और मजबूत हो सकेगा।

इन रूटों पर सरकारी बसों का परिचालन शुरू होने से यात्रियों को निजी वाहनों और अनियमित निजी बस सेवाओं पर निर्भरता भी कम हो सकती है।

साथ ही नियमित बस परिचालन से निगम को यात्री किराये के रूप में अतिरिक्त राजस्व मिलने की संभावना है। आरा डिपो के लिए भी नए रूटों के विस्तार से परिचालन का दायरा बढ़ेगा।

यूपी से बढ़ेगा परिवहन संपर्क, दक्षिण-पश्चिम बिहार के जिलों को भी लाभ

वाराणसी कैंट के लिए बस सेवा शुरू होने से भोजपुर के यात्रियों को उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, व्यापारिक और शैक्षणिक केंद्र से सीधा परिवहन संपर्क मिलेगा।

वहीं सासाराम, औरंगाबाद, मोहनियां, रामगढ़, भभुआ और चांद जैसे दक्षिण और पश्चिम बिहार के क्षेत्रों के लिए बसें चलने से नौकरी, कारोबार, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों से रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों को काफी सुविधा होगी।

वर्तमान में छह रूटों पर आठ बसों का होता है परिचालन

वर्तमान समय में बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के आरा डिपो से पटना-आरा-मुंडेश्वरी, पटना-आरा-कोचस, आरा - नौहट्टा, आरा-सासाराम, आरा-बक्सर और आरा-जितौरा-बिहिया-चौरस्ता समेत कुल छह रूटों पर आठ बसों का रोजाना परिचालन होता है। इनमें चार नई और चार पुरानी बसें शामिल है।