विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा से चंडीगढ़, फिरोजपुर और पोत्तनूर जाना होगा आसान, त्योहारों पर चलेंगी 3 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें

Published: Wed, 30 Sep 2026 08:37 AM (GMT+05:30)

पूर्व मध्य रेलवे ने आगामी पर्व-त्योहारों के लिए आरा जंक्शन से होकर चंडीगढ़, फिरोजपुर कैंट और पोत्तनूर के लिए तीन ...और पढ़ें

आरा के रास्‍ते तीन स्‍पेशल ट्रेनें चलेंगी। सांकेत‍िक तस्‍वीर

आरा के रास्‍ते तीन स्‍पेशल ट्रेनें चलेंगी। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. आरा से होकर चंडीगढ़, फिरोजपुर कैंट, पोत्तनूर के लिए ट्रेनें।

  2. पर्व-त्योहारों में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को मिलेगी राहत।

  3. पूर्व मध्य रेलवे ने विशेष ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की।

जागरण संवाददाता, आरा। आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे की ओर से विभिन्न मार्गों पर फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जाएगा।

दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत आरा जंक्शन से होकर चंडीगढ़, फिरोजपुर कैंट और पोत्तनूर के लिए विशेष ट्रेनों का परिचालन होगा।

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों का परिचालन निर्धारित अवधि में किया जाएगा।

चंडीगढ़-पटना स्‍पेशल 1 अक्‍टूबर से 

गाड़ी संख्या 04512 चंडीगढ़-पटना फेस्टिवल स्पेशल एक अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चंडीगढ़ से 23.55 बजे खुलेगी।

यह ट्रेन अगले दिन वाराणसी 16.35 बजे, डीडीयू 17.45 बजे, बक्सर 18.45 बजे, आरा 19.32 बजे और दानापुर 20.03 बजे रुकते हुए 21.15 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04511 पटना-चंडीगढ़ स्पेशल दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को पटना से 23.15 बजे खुलेगी।

यह 00.03 बजे आरा और 00.48 बजे बक्सर रुकते हुए चंडीगढ़ जाएगी। गाड़ी संख्या 04616 फिरोजपुर कैंट-पटना फेस्टिवल स्पेशल छह अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी।

फिरोजपुर कैंट से 12 बजे खुलकर अगले दिन वाराणसी 12.40 बजे, डीडीयू 14.30 बजे, बक्सर 15.50 बजे, रघुनाथपुर 16.16 बजे, आरा 16.40 बजे और दानापुर 17.33 बजे रुकते हुए 18.35 बजे पटना पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 04615 पटना-फिरोजपुर कैंट स्पेशल सात अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को पटना से 20.20 बजे खुलेगी। आरा में 21.05 बजे ठहराव होगा।

पोत्‍तनूर-बरौनी स्‍पेशल का 4 अक्‍टूबर से परिचालन 

गाड़ी संख्या 06021 पोत्तनूर-बरौनी स्पेशल चार अक्टूबर से एक नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। पोत्तनूर से 06.15 बजे खुलने के बाद यह मंगलवार को डीडीयू 05.35 बजे, बक्सर 06.53 बजे, आरा 07.55 बजे, दानापुर 08.45 बजे और पाटलिपुत्र 09.30 बजे रुकते हुए 13.30 बजे बरौनी पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 06022 बरौनी-पोत्तनूर स्पेशल सात अक्टूबर से चार नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह आरा में 14.26 बजे रुकने के बाद बक्सर और डीडीयू होते हुए पोत्तनूर जाएगी।