ट्रेन से कटकर युवक ने दे दी जान
पटना-डीडीयू रेल खंड पर आरा-कुल्हड़िया स्टेशन के बीच शुक्रवार की देर रात ट्रेन से कट कर एक युवक ने अपनी जान दे दी।
आरा । पटना-डीडीयू रेल खंड पर आरा-कुल्हड़िया स्टेशन के बीच शुक्रवार की देर रात ट्रेन से कट कर एक युवक ने अपनी जान दे दी। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे आरा और कुल्हड़िया स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक से शव बरामद किया गया। बाद में मोबाइल से उसकी पहचान हो सकी। मृतक 22 वर्षीय राज कुमार प्रसाद आरा टाउन थाना क्षेत्र के रामगढि़या, सराय फाटक मुहल्ला का निवासी था। वह पेशे से बिजली का काम करता था। मानसिक रूप से तनाव में रहता था। इसे लेकर रेल थाना पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है।
-------
परिवार से अलग-रहकर करता था जीवन यापन
बताया जाता है कि आरा शहर के रामगढि़या मुहल्ला निवासी कपिलदेव प्रसाद का इकलौता पुत्र राज कुमार प्रसाद ने करीब दो महीने पहले प्रेम- विवाह किया था। इसके बाद मां-बाप से अलग भलुहीपुर मुहल्ला में अपनी पत्नी जुही के साथ ही रहता था। शुक्रवार की रात भी वहीं पर था। इस दौरान परिवार से वाद-विवाद होने के बाद घर से निकल गया। गुस्से में आरा रेलवे स्टेशन और कुल्हड़िया स्टेशन के बीच ट्रेन से कटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस दौरान किसी को घटना की भनक नहीं लगी। शनिवार की सुबह जानकारी होते ही कोहराम मच गया।
---
घर वालों की मर्जी के खिलाफ दूसरे समाज की लड़की से किया था प्रेम विवाह
जानकारी के अनुसार राज कुमार प्रसाद ने दूसरे समाज की लड़की जुही से शादी की थी। जिसके चलते परिवार के लोग इस रिश्ते के खिलाफ थे। यहीं वजह था कि राज कुमार परिवार से अलग रहता था। लव मैरिज की खुशियां अधिक दिनों तक नहीं टिक सकीं। पारिवारिक झगड़े में उसने मौत को गले लगा लिया। शनिवार की सुबह मौत की जानकारी मिलते ही कोहराम मच गया। वैसे, परिवार के सदस्य इस शादी को मानने से इंकार कर रहे हैं। उनके अनुसार जिस लड़की के साथ रहता उसी से वाद-विवाद हुआ था।
----
मृतक के पास से मिले टूटे मोबाइल से हो सकी पहचान
इधर, रेल थानाध्यक्ष शहनवाज खान के अनुसार मृतक के पास से एक टूटा मोबाइल बरामद किया गया था। मोबाइल में सिम लगा हुआ था। जिसकी मदद से शव की पहचान हो सकी। बाद में कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। इसे लेकर मुहल्ले के नागरिकों समेत सगे-संबंधियों की भीड़ लगी रही।