ट्रैक्टर व ऑटो में टक्कर, एक मौत, चार घायल
भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अन्तर्गत सिन्हा ओपी के सरैयां-सिन्हा पथ पर मिलकी गांव के समीप बुधवार की दोपहर अनियंत्रित ट्रैक्टर व ऑटो के बीच जोरदार टक्कर में एक बच्चे की मौत हो गई।
आरा। भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड अन्तर्गत सिन्हा ओपी के सरैयां-सिन्हा पथ पर मिलकी गांव के समीप बुधवार की दोपहर अनियंत्रित ट्रैक्टर व ऑटो के बीच जोरदार टक्कर में एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि, महिलाओं समेत चार लोग घायल हो गए। हादसे में मौत के बाद कोहराम मच गया। घायलों में दो.महिलाओं की हालत गंभीर है। हादसे को लेकर काफी देर अफरातफरी मची रही । पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लीया है। मृतक रवि कुमार (10वर्ष) आरा मुफस्सिल थाना के बड़का डुमरा गांव निवासी राजेश प्रसाद का पुत्र बताया जाता है। इसे लेकर पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है।
---
बाल मुंडन कराने के लिए गए थे ,लौटने के दौरान हादसा
घटना के संबंध में बताया जा रहा कि आरा मुफस्सिल थाना के बड़का डुमरा गांव निवासी जीतेश प्रसाद की बेटी राधिका का गंगा घाट पर बाल मुंडन का मन्नत था। परिवार के सदस्य व सगे संबंधी ऑटो रिजर्व कर महुली गंगा घाट पर गए थे। इस दौरान बाल मुंडन के बाद सभी ऑटो से लौट रहे थे। इस बीच मिल्की -घांघर के बीच ट्रैक्टर से टक्कर होने के चलते ऑटो के परखच्चे उड़ गए। जिसमें रवि कुमार की मौत हो गई। जबकि, शंभू प्रसाद की पत्नी शारदा देवी, सरयू प्रसाद की पत्नी शीला देवी एवं अमरेश राम की पत्नी कलावती देवी घायल हो गई। पब्लिक के सहयोग से इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया।
----
दो भाइयों में छोटा था रवि
मुफस्सिल थाना के बड़का डुमरा गांव निवासी राजेश प्रसाद को कुल दो पुत्र थे। जिसमें रवि छोटा था.। बेटे के वियोग में सुनीता देवी का रो रोकर बुरा हाल था। दंपती को बड़ा पुत्र गुड्डू ही जीने का सहारा बच गया है। घायलों में शारदा देवी व कलावती देवी की हालत गंभीर है।