50 हजार के इनामी रोहित सिंह ने किया सरेंडर, 10 गंभीर कांडों में है आरोपित; अब रिमांड पर लेगी भोजपुर पुलिस
भोजपुर पुलिस के दबाव के चलते 50 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर रोहित सिंह ने पटना के दानापुर कोर्ट में आत्मसमर्पण ...और पढ़ें

50 हजार का इनामी बदमाश रोहित सिंह। फाइल
HighLights
पुलिस दबाव में 50 हजार के इनामी रोहित सिंह का आत्मसमर्पण।
रंगदारी, लूट सहित कई गंभीर मामलों में था वांछित।
दानापुर कोर्ट में किया आत्मसमर्पण, भोजपुर पुलिस करेगी रिमांड।
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर पुलिस की बढ़ती दबिश के बीच 50 हजार रुपये के इनामी वांछित हिस्ट्रशीटर रोहित सिंह ने सोमवार को पटना के दानापुर कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया।
वह रंगदारी व लूट समेत कई गंभीर आपराधिक कांडों में वांछित था। आत्मसमर्पण करने वाला आरोपित मूल रूप से भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, रोहित सिंह के विरुद्ध भोजपुर के नारायणपुर, आरा नवादा, सहार, पटना के दानापुर और रोहतास जिले के बिक्रमगंज समेत विभिन्न थानों में करीब 10 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इनमें हत्या, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। वर्ष 2015 से 2026 के बीच दर्ज मामलों में दो हत्या के कांड भी शामिल रहा हैं।
10 गंभीर आपराधिक कांडों में पहले से रहा है आरोपित
वह पूर्व में जेल भी गया था। इधर, सितंबर महीने में नारायणपुर निवासी रोहित सिंह और चांदी थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवासी अभिषेक कुमार सिंह पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
दोनों फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित के प्रस्ताव पर गृह विभाग (आरक्षी शाखा) की ओर से पुरस्कार राशि घोषित की गई थी।
पुलिस के अनुसार, 30 मई 2026 को नारायणपुर गांव निवासी गोला व्यवसायी रोहित सिन्हा ने संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इसमें आरोप लगाया गया था कि पिस्टल का भय दिखाकर उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इसी मामले में रोहित सिंह फरार चल रहा था। भोजपुर पुलिस उसे रंगदारी कांड में रिमांड करेगी।
दानापुर के जीवा ज्वेलरी शोरूम लूटकांड में भी रहा था शामिल
31 जनवरी 2025 को पटना के दानापुर स्थित सगुना मोड़ के जीवा ज्वेलरी शोरूम में हुई लूट की घटना में भी रोहित सिंह की अहम भूमिका बताई गई थी।
करीब 50 लाख के जेवरात की लूट हुई थी। पुलिस के अनुसार, पटना एसटीएफ ने 10 फरवरी 2025 को इस कांड के कथित मास्टरमाइंड रोहित सिंह समेत अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया था।
बाद में जमानत पर बाहर आने के बाद वह फिर फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि जीवा ज्वेलरी शोरूम लूटकांड में जमानत टूटने के बाद उसने दानापुर कोर्ट में आत्मसमर्पण किया है
