विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आरा में बालू लदे बेकाबू ट्रैक्टर का कहर: बाइक सवार दो मौसेरे भाइयों को रौंदा, 17 वर्षीय किशोर की मौत

Published: Fri, 09 Oct 2026 11:16 AM (IST)

आरा के गोठहुला गांव में बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो मौसेरे भाइयों को रौंद दिया, जिसमें 17 वर्षीय ...और पढ़ें

आरा में बालू लदे बेकाबू ट्रैक्टर का कहर

आरा में बालू लदे बेकाबू ट्रैक्टर का कहर

HighLights

  1. आरा में बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो भाइयों को रौंदा।

  2. हादसे में 17 वर्षीय किशोर सन्नी कुमार की दुखद मौत हुई।

  3. 14 वर्षीय मौसेरा भाई साहिल कुमार सदर अस्पताल में घायल।

जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोठहुला गांव स्थित चिमनी भट्ठा के समीप शुक्रवार की सुबह बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो मौसेरे भाइयों को रौंद दिया। हादसे में बाइक चला रहे 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका 14 वर्षीय मौसेरा भाई जख्मी हो गया। घायल किशोर का इलाज सदर अस्पताल ,आरा में कराया गया। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान नवादा थाना क्षेत्र के बंधन टोला मोहल्ला निवासी संतोष गिरी के 17 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल किशोर उसी थाना क्षेत्र के श्री टोला निवासी स्व. मिथिलेश पासवान का 14 वर्षीय पुत्र साहिल कुमार है। दोनों रिश्ते में मौसेरे भाई लगते थे।

बाइक में टक्कर मारते हुए दोनों को रौंद दिया

इधर, घायल साहिल कुमार ने बताया कि सन्नी कुमार का गोठहुला गांव में मकान बन रहा है। इसी सिलसिले में दोनों शुक्रवार की सुबह बाइक से गोठहुला गांव जा रहे थे। इस दौरान गांव स्थित चिमनी भट्ठा के समीप विपरीत दिशा से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मारते हुए दोनों को रौंद दिया। 

हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद साहिल ने घटना की सूचना स्वजन को दी। सूचना मिलते ही स्वजन मौके पर पहुंचे और दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने लगे। 

हालांकि, रास्ते में ही सन्नी कुमार ने दम तोड़ दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। सन्नी अपने तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे स्थान पर था। मां पूनम देवी समेत परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- रोहतास में स्कूल जा रहे 9वीं के छात्र को सीने में मारी गोली, बाइक सवार बदमाशों ने की 3 राउंड फायरिंग