आरा में 10 दिवसीय खादी एवं हस्तशिल्प महोत्सव 11 से
खादी ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने को लेकर स्थानीय रमना मैदान में 11-20 दिसंबर तक खादी हस्तशिल्प महोत्सव आयोजित किया जाएगा।
आरा : खादी ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने को लेकर स्थानीय रमना मैदान में 11-20 दिसंबर तक खादी हस्तशिल्प महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियां जोरों पर है। बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में बिहार के विभिन्न जिलों के ग्रामोद्योग से जुड़े अपना स्टाल लगाएंग।
कोरोना में पहली बार ये महोत्सव आयोजित हो रहा है। इसके पूर्व वर्ष 2018 में यह आयोजन हुआ था। 11 दिसंबर को उद्योग विभाग के प्रदेश मंत्री शहनवाज हुसैन अपराह्न 2.45 बजे उद्घाटन करेंगे। इस मौके पर बिहार विधान सभा के सभापति अवधेश नारायण सिंह, स्थानीय भाजपा विधायक सह कृषि मंत्री अमरेन्द्र प्रताप सिंह शामिल होंगे। इस महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जिलों के व्यवसायियों के लिए लगभग 50 स्टाल लगाए जाएंगे। पूरा महोत्सव स्थल 300 गुणा 300 में होगा। प्रत्येक स्टाल का साइज दस गुणा दस होगा। इसमें भोजपुर बक्सर, रोहतास, पटना, औरंगाबाद, मोतिहारी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, नवादा, नालंदा, मधुबनी, गया, दरभंगा समेत अन्य जिलों के खादी ग्रामोद्योग के व्यवसायी शामिल होंगे।
------
सामान्य सुविधा केन्द्र के नवनिर्मित भवन का होगा उद्घाटन
उद्योग मंत्री शहनवाज हुसैन खादी हस्तशिल्प महोत्सव के उद्घाटन के अलावा लाखों रुपए से जिला उद्योग कार्यालय परिसर में निर्मित सामान्य सुविधा केन्द्र का उद्घाटन करेंगे। इस केन्द्र का उद्देश्य भोजपुर में उपेन्द्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से लोक कला को बढ़ावा देने की जारी मुहिम को और गति मिलने की संभावना है।
बयान :
दस दिवसीय इस महोत्सव में लगभग 25 लाख रुपए के कारोबार की संभावना है। आयोजन में स्टालों पर खादी के कपड़ों के अलावा सिल्क, सूती व मिक्स कपड़ा उपलब्ध रहेगा। इसमें आने वाले लोगों को खादी पर दिए जा रहे अनुदान की जानकारी दी जाएगी। साथ ही चरखा और लूम भी अनुदानित दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे। उदय शंकर दूबे, जिला खादी ग्रामोद्योग पदाधिकारी, आरा।