सृजन घोटाला : जिला परिषद ने बैंकों को 15 दिन में राशि देने को भेजा नोटिस
जांच में पता चला था कि एडीएम प्रभात कुमार सिन्हा जब डीडीसी के प्रभार में थे उनके कार्यकाल में भी राशि का स्थानांतरण हुआ था। प्रभात सिन्हा पर कार्रवाई के लिए डीएम ने पत्र भेजा था।
भागलपुर [जेएनएन]। सृजन घोटाले के ताप से उबरने के लिए अब जिला प्रशासन ने बैंक ऑफ बड़ौदा और इंडियन बैंक पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। जिला परिषद ने खाते से गायब 74 करोड़ की राशि वापस करने के लिए दोनों बैंकों को पन्द्रह दिन का अल्टीमेटम दिया है। साथ ही ताकीद किया यदि राशि नहीं वापस की तो विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। नजारत ने भी सामान्य प्रशासन को 220 करोड़ की राशि के लिए मनीशूट के लिए अनुमति मांगी है। दूसरी तरफ पूर्व डीडीसी प्रभात कुमार सिन्हा के खिलाफ आरोप पत्र गठित करने के लिए सरकार ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया है। सिन्हा के कार्यकाल में सृजन के खाते में राशि स्थानांतरित हुई थी।
जिला परिषद के खाते से हुई थी 74 करोड़ की निकासी
19 सौ करोड़ के सृजन घोटाला उजागर होने के बाद महालेखाकार की रिपोर्ट के बाद पता चला कि किस विभाग के खाते कितनी राशि सृजन के खाते में स्थानांतरित हुई। जिला परिषद को पता चला कि उसके खाते से 74 करोड़ की निकासी हुई है। इस पर डीडीसी सुनील कुमार ने दोनों बैंकों को राशि लौटाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। उसी कड़ी में उन्होंने दोनों बैंकों को पत्र भेजा है। यदि बैंक राशि लौटाने में आनाकानी करेंगे तो मनी शूट में जाएंगे।
नजारत ने भी वित्त विभाग से मांगा था मार्गदर्शन
इससे पूर्व नजारत से 220 करोड़ की राशि के निकास होने की बात सामने आई थी। नजारत ने वित्त विभाग को पत्र लिखकर मार्गदर्शन मांगा था किस तरह राशि वापस उनके खाते में आएगी। इस वित्त विभाग ने दो टूक कहा कि मामला सामान्य प्रशासन का है। सामान्य प्रशासन ही इस मामले में पहल करेगा। मनी शूट की वहीं अनुमति दे सकते हैं।
प्रभात कुमार सिन्हा के कार्यकाल में भी हुआ था राशि का स्थानांतरण
विभागीय जांच में यह भी पता चला कि एडीएम प्रभात कुमार सिन्हा जब डीडीसी के प्रभार में थे उनके कार्यकाल में भी राशि का स्थानांतरण हुआ था। प्रभात सिन्हा पर कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी ने पत्र भेजा था। सरकार ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि प्रभात पर पहले आरोप पत्र गठित करें। उसकी सूचना सरकार को दें। उसके बाद ही उन पर विभागीय कार्रवाई शुरू की जा सकती है।