भागलपुर में एक और बड़ी वारदात, सन्नी नाम के युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, आन द स्पाट मौत
भागलपुर में सिल्क और जमीन व्यवसायी की हत्या के बाद एक और मर्डर किया गया है। बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाते हुए सन्नी नाम के युवक को मौत की नींद सुला दिया है। इस हत्याकांड के बाद से इलाके में सनसनी का माहौल है।
जागरण संवाददाता, भागलपुर : इन दिनों शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बबरगंज में हुए प्लाटर हत्याकांड का मामला पूरी तरह सुलझा नहीं है कि रविवार को दिनदहाड़े हबीबपुर इलाके के करोड़ी बाजार में अपराधियों ने एक युवक को गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान हबीबपुर मोमिनटोला निवासी मोहम्मद मुमताज उर्फ डिस्को के पुत्र सन्नी (30) के रूप में हुई है। वह फेरी का काम करता था। घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप की स्थिति है।
मौके पर हबीबपुर पुलिस के अलावा वरीय पुलिस अधिकारी जांच के लिए पहुंचे हैं। घटना शाम चार बजे की बताई जा रही है। स्वजन के मुताबिक क्रिकेट खेलने के दौरान 15-20 दिन पहले किरोड़ी मैदान स्टेडियम में विवाद हुआ था। मारपीट भी हुई थी। मोहम्मद सोनू ने दिलशाद उर्फ डीजे और उसके पिता को बुलाकर सन्नी से समझौता कराया था। इसी के कारण दिलशाद पर हत्या करने का सन्नी के सब्जन आरोप लगा रहे हैं। घटना को अंजाम देने के समय डीजे के साथ उसका एक साथी भी था। लेकिन अबतक दूसरे को पहचान नहीं हो पाई है।
घटनास्थल पर नाइन एमएम का एक खोखा पुलिस ने बरामद किया है। दिनदहाड़े युवक की हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के तुरंत बाद मौके पर से स्थानीय लोगों की मदद से स्वजन सन्नी को लेकर मायागंज अस्पताल पहुंचे। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के कारणों का पता करने में पुलिस जुटी हुई है। मौके पर फायरिंग के बाद गिरे खोखे घटना की भयावहता को बता रहे हैं।
सन्नी की दिनदहाड़े हुई हत्या के कई प्रत्यक्षदर्शी हैं, किंतु कोई डर से पुलिस के सामने मुंह नहीं खोल रहा है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया है कि हत्या के बाद अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए कई राउंड गोलियां भी चलाई है। फायरिंग करते हुए भागते समय कई लोगों ने अपराधियों को देखा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगालने में जुटी हुई है। जिससे अपराधियों का पता चल सके। हाल ही में नाथनगर इलाके में मोहम्मद अफजाल की हत्या नाथनगर में हुई थी।