पंचायत ने प्रेम प्रसंग मामले में युवक को दी यह सजा, लेकिन कुछ को नहीं आया रास, कर दी हत्या
हत्या के पूर्व गांव में प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर करीब पांच घंटे की पंचायती हुई थी। उसमें अभिनंदन पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। लेकिन इसके बाद।
भागलपुर, जेएनएन। नाथनगर के मधुसूदनपुर इलाके के मिर्जापुर गांव में आधी रात बाद अभिनंदन यादव की अपराधियों ने घर में घुसकर गोली मार हत्या कर दी। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। मधुसूदनपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाया
हत्या के पूर्व गांव में प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर करीब पांच घंटे की पंचायती हुई थी। उसमें अभिनंदन पर 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया था। साथ ही उसे जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाया गया। जुर्माने की राशि स्वजनों ने पंचायत में ही सौंप दी। लेकिन वहां से निकलने के ठीक 15 मिनट बाद अभिनंदन को गोली मार दी गई। आनन फानन में स्वजनों ने उसे जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पांच लोगों पर दर्ज किया गया हत्या का केस
मृतक के पिता सुनील यादव उर्फ सुलो यादव ने अपने बयान पर लड़की के पिता सुभाष यादव, चाचा मुंशी यादव, माखन यादव, गांधी यादव और जय जय राम यादव के विरूद्ध हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया है। चौकी इंचार्ज मिथिलेश कुमार चौधरी पीडि़त का बयान लेने के लिए मायागंज अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने आरोपितों के घर पर दबिश दी। लेकिन सभी आरोपित फरार हैं।
पंचायत में शामिल थे दोनों पक्ष
मृतक के चाचा घोल्टी यादव और भाई अभिमन्यु ने बताया कि गांव के सुभाष यादव की विवाहित पुत्री से अभिनंदन का प्रेम प्रसंग था। महिला को उसके पति ने भी इस कारण छोड़ दिया था। इस बात से महिला के स्वजन काफी अभिनंदन को लेकर काफी गुस्से में थे। पिछले एक वर्ष से इस कारण अक्सर विवाद की स्थिति होती थी। इस लेकर ही दोनों पक्षों को पंयायत में बुलाया गया। ताकि समस्या का समाधान हो सके। पंचों के द्वारा सजा के तौर पर 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। जुर्मान वहीं जमा कर दिया गया। इसके बाद अभिनंदन घर पहुंचा और सोने चला गया।
कई बार ससुराल भी चला गया था मृतक
रात नौ बजे शुरू हुई पंचायत करीब ढाई बजे तक चली। इसके बाद आरोपित अभिनंदन के घर जा धमके और उसके गोली मार दी। प्रेम प्रसंग को लेकर कई बार मृतक महिला के ससुराल भी चला जाता था। इन सब बातों की जानकारी होने के बाद ही महिला व उसके पति में विवाद हुआ था। पंचायत में हुए फैसले को लेकर महिला का पक्ष खुश नहीं था।
मृतक के पिता के बयान पर पांच आरोपितों के विरूद्ध केस दर्ज किया गया है। आरोपितों की धरपकड़ के लिए टीम को लगाया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। - आशीष भारती, एसएसपी भागलपुर