अयोध्या में उसी जमीन पर बनेगा मंदिर : योगी
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अयोध्या में उसी जमीन पर राम मंदिर का निर्माण होगा।
(जेएनएन)पूर्णिया। भाजपा के फायरब्रांड नेता सह यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अयोध्या में उसी जमीन पर राम मंदिर का निर्माण होगा। सरकार अपने वादे से पीछे नहीं हटने वाली है। योगी गुरुवार को रंगभूमि मैदान में पार्टी के प्रमंडलीय शक्ति केंद्र कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राम की जन्मभूमि अयोध्या से मां जानकी की भूमि मिथिलांचल तक फोरलेन सड़क बनाई जा रही है। उन्होंने केंद्र की नमो सरकार द्वारा चलाई जा रहीं विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए कांग्रेस व राजद पर जमकर निशाना साधा। कांग्रेस पर उन्होंने देश को विभाजन की ओर धकेलने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश में विकास का नया मॉडल प्रस्तुत किया है। कांग्रेस भारत के टुकड़े करने का नारा देने वालों के साथ मंच साझा कर रही है। उन्होंने राजद के शासनकाल की चर्चा करते हुए कहा कि उस दौर में बिहारी दूसरे राज्यों में अपनी पहचान बताने से डरते थे। तब, शासन-व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं थी। आज नीतीश कुमार और सुशील मोदी के नेतृत्व में राज्य में सुशासन है। यह निरंतर विकास पथ पर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की सामरिक स्थिति मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार मजबूती से काम कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को एनडीए के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए टिप्स भी बताए। केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता के बीच ले जाने का उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को मजबूत करने की बात भी कही। योगी ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार 129 योजनाएं चला रही है। बजट में किसानों की आय दोगुनी करने के लिए बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है। किसानों के खाते में 6000 रुपये प्रति साल और मजदूरों को 3000 रुपये प्रति माह पेंशन की योजना को क्रांतिकारी कदम बताया। इससे पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह सांसद नित्यानंद राय ने आरजेडी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्होंने पूर्व की सरकार के शासनकाल में सैकड़ों गायों के वध का भी आरोप लगाया। कार्यक्रम को मंत्री प्रेम कुमार, कृष्ण कुमार, विनोद कुमार, सांसद दिलीप जायसवाल आदि ने भी संबोधित किया।