कांग्रेस ने किया अल्पसंख्यकों का शोषण : शाहनवाज
कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस भय का माहौल बना रही है। उन्होंने दावा किया कि कर्नाटक में पार्टी दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगी।
किशनगंज। फूट डालो और राज करो की नीति कांग्रेस का मूल मंत्र है। आमलोगों के विकास नहीं राजनीतिक लाभ कांग्रेस सरकार की प्राथमिकता रही है। 60 वर्षों के इनके शासन काल में दलित और अल्पसंख्यक केवल वोट बैंक बन कर रह गए। कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री शहनवाज हुसैन ने कहा कि वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद का बयान ही कांग्रेस विरोधी होने का बड़ा सबूत है। ऐसी स्थिति में स्पष्ट हो जाती है कि कांग्रेस ने हमेशा ही वोट की राजनीति की और अल्पसंख्यकों का शोषण करती रही। जबकि भारतीय जनता पार्टी सभी वर्गाें के लोगों के चहुंमुखी विकास के लिए योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। शुक्रवार को भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहनवाज हुसैन पश्चिमपाली स्थित दफ्तरी होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस पर जोरदार हमला करते हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा के जीत का दावा किया।
उन्होंने कांग्रेस शासन काल में हुए दंगों का जिक्र करते हुए कहा कि जब-जब केंद्र में कांग्रेस पार्टी की सरकार रही लोग भय के माहौल में जीने को विवश रहे। कांग्रेस हमेशा ही देश में डर व भय का माहौल बना कर दलितों और अल्पसंख्यकों का वोट लेने में जुटी रही। लेकिन अब लोगों की मानसिक सोच बदल गई है। लोग केवल विकास को प्राथमिकता देने लगे हैं। कांग्रेस की नाइंसाफी को इंसाफ में बदलने के लिए पीएम मेादी ने पिछले चार वर्ष में अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा है। इस दिशा में सरकारी योजनाओं को ऑन लाइन किया गया है। ताकि योजनाओं की राशि आरटीजीएस के माध्यम से लाभुकों को बैंक खाते में भेजी जा सके। केंद्र सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2022 तक सभी श्रेणी के लोगों को पक्का मकान उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव कार्य कर रहे हैं।