यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 23, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bhagalpur Woman Murder: कुदाल से काटकर महिला की हत्या, खेत में लहूलुहान शव मिलने से सनसनी; पति पर शक की सुई
Bhagalpur Woman Murder बिहार के भागलपुर में एक महिला का शव खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। बताया जा ...और पढ़ें

नवगछिया, संवाद सहयोगी। पुलिस जिला नवगछिया के कोसी पार कदवा ओपी क्षेत्र में महिला की कुदाल से काटकर हत्या कर दी गई। शव मक्के के खेत में पड़ा हुआ था। मृत महिला की पहचान जंगली टोला के रहने वाले राजू शर्मा उर्फ राजेश की पत्नी खुशबू देवी के रूप में हुई है। वारदात गुरुवार दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है। हत्या में प्रयुक्त कुदाल घटनास्थल से कुछ ही दूरी से बरामद कर लिया गया है। वारदात के बाद से पति गायब है, जिसके कारण शक की सुई उसी पर है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतका के ससुर जोगी शर्मा ने बताया कि उनकी बहू खुशबू सुबह 11 बजे घर से कोसी पार करीब 500 मीटर दूर खेत में लगे मक्के की तमनी करने पति राजू शर्मा के साथ गई थी। वह खेत पकरा टोला कदवा निवासी छरपन राम का है, जिसे सूदभरना यानी पैसे देकर खेती करने के लिए राजू शर्मा ने लिया था। दोनों पति-पत्नी ने उसमें मक्के की खेती की थी। दोपहर में पता चला कि जंगली टोला व पकरा टोला कदवा के बीच खेत में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। खेत में जाकर देखा तो वह खुशबू का शव था।
पुलिस को महिला के पति पर हत्या करने का संदेह
पुलिस के अनुसार मृतका के सिर के पिछले हिस्से में कुदाल से प्रहार के जख्म के निशान थे। उसकी पीठ पर भी जख्म थे। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव देखने के लिए घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। नवगछिया पुलिस का खुशबू की हत्या का शक पति राजेश पर ही है। महिला अपने पति के साथ ही मक्के के खेत में गई थी। जिस कुदाल से काट कर महिला की हत्या की गई वह उसके पति राजेश का ही कुदाल है। हत्या के बाद से पति फरार है।
बताया जा रहा के पति राजेश की दिमागी हालत चार माह से ठीक नहीं थी। उसका इलाज चल रहा था। महिला के दो पुत्र और एक पुत्री है। उधर, कदवा ओपी प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि हत्या किसने की है इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। महिला के स्वजन इसकी लिखित शिकायत करेंगे तो उसके बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
