मानवता शर्मसार : डायन का आरोप लगा महिला को जलाया, हालत नाजुक Bhagalpur News
भागलपुर के पीरपैंती में एक महिला को जिंदा जलाया गया। महिला अस्पताल में भर्ती है। महिला ने कहा कि रिश्तेदार में कहीं भी कोई बीमार होता है तो उन्हें डायन कहा जाता है।
भागलपुर [जेएनएन]। पीरपैंती के सुंदरपुर गांव में डायन का आरोप लगाते हुए लोगों ने उमेश तांती की पत्नी मुन्नी देवी (42) के शरीर पर केरोसिन छिड़क आग लगा दी। जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। मायागंज अस्पताल के बर्निंग वार्ड में इलाजरत मुन्नी देवी ने बताया कि रिश्तेदार के घर में किसी को बुखार या खांसी-सर्दी भी होता है तो वे लोग इसके लिए मुझे जिम्मेदार मानकर झगड़ा करते हैं। डायन कहकर संबोधित करते हैं।
सुबह छह बजे भी बकरी को लेकर विवाद होने पर डायन कहकर संबोधित कर रहे थे। विरोध करने पर शरीर पर केरोसिन छिड़क आग लगा दी और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। जिस समय घटना हुई उस समय घर में वह अकेली थी। पति गाड़ी चलाने गए थे। बड़ा पुत्र शादी का काम करने और छोटा बेटा घूमने के लिए घर से निकला था। जब छोटे बेटे को घर आते देखा तो उनलोगों ने दरवाजा खोल दिया। सूचना मिलने पर पति उमेश और बड़ा पुत्र गोविंद घर पहुंचा। पीरपैंती पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने कहा कि मायागंज अस्पताल परिसर स्थित पुलिस शिविर में अबतक फर्द बयान दर्ज नहीं करा सके हैं।