नए साल की जश्न में डूबा शहर, वर्ष 2020 का कुछ इस तरह हुआ स्वागत Bhagalpur News
वर्ष 2020 के प्रवेश के साथ ही भागलपुर में स्वागत और जश्न का दौर शुरू हुआ। जिले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोग थिरक रहे हैं।
भागलपुर, जेएनएन। संगीत की धुन, शोर-शराबा और नए साल के उत्साह भरे इंतजार के बीच जैसे ही घड़ी की सुई ने 12 बजाए धमाल अपने परवान पर पहुंच गया। आतिशबाजी ने आसमान को रंगीन बना दिया। हैप्पी न्यू ईयर कह लोगों ने एक दूसरे को बधई दी। शहर के लोग नए साल के जश्न में डूब गए।
मौका था वर्ष 2019 की विदाई और नववर्ष 2020 के आगमन का। शहर में 2020 के कदम पड़ते ही पूरा सिल्क सिटी उछल पड़ा। देर रात तक होटल, रेस्तरां और कम्यूनिटी हॉल में जश्न का माहौल रहा।
नए साल के स्वागत में शहरवासी कोई कसर नहीं छोडऩा चाह रहे थे। पूरे जोश व उत्साह के साथ वर्ष 2020 का स्वागत किया। रात में धुंध व कोहरे के बीच युवाओं ने खुलकर मौज मस्ती की।
शहर के रेस्टोरेंट, होटलों पर लोगों की भीड़ रही। वहीं, ढाबे बैलून व रंग-बिरंगी लाइटों से सजे नजर आए। होटल मैक्स क्लार्क इन में बाहर से आए कलाकारों ने प्रस्तुति दी। शहरवासियों ने जमकर डांस का आनंद लिया।
हिंदुस्तान क्लब में सोनम और जेनी के साथ झूमे लोग
हिंदुस्तान क्लब में कार्निवाल-2020 मनाया गया। नए साल के आगमन की खुशी में लोगों ने खूब मस्ती की। बाहर से आई एंकर सोनम, डीजे जेनी के साथ लोगों ने डांस किया। नए साल के जोश में युवा डीजे की धुन पर फिल्मी गीतों पर झूमते नजर आए। महिलाएं, कपल, युवतियां और बच्चे खूब थिरके। पाबंदी के बाद भी डीजे की धुनों पर युवा फिल्मी गीतों पर डांस करते नजर आए। दोस्तों संग पार्टियां भी मनाईं।
रंगारंग कार्यक्रम में शुल्क देकर इंट्री थी। इसके बावजूद लोगों का हुजूम दिखा। क्लब के अध्यक्ष बालमुकुंद गोयनका, महासचिव सुशील कोटरीवाल, निदेशक रोहित झुनझुनवाला, निलेश कोटरीवाल, संयोजक प्रमोद गोयनका और सह संयोजक जॉनी संथालिया सक्रिय दिखे।
बजने लगी मोबाइल की घंटियां, सोशल मीडिया पर बधाइयां, बधाइयां...
12 बजते ही मोबाइल की घंटिया टिनटिन करने लगीं। वाट्स एप पर भी बधाइयों का दौर शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर बधाई, नव वर्ष मंगलमय हो, नए साल की हार्दिक बधाई जैसे मैसेज पोस्ट किए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में कैदियों ने लगाए ठुमके
शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कार में मंगलवार को नव वर्ष की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर कैदियों की ओर से तैयार किए गए म्युजिकल ग्रुप ने शानदार संगीत और नृत्य की प्रस्तुति दी। जेल अधिकारियों और कारा कर्मियों ने कैदियों को सम्मानित किया और नए साल के आगमन को लेकर शुभकामना भी दी। बुधवार को महिला मंडल कारा में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। महिला कैदियों की ओर से व्यंजनों के स्टाल भी लगाए जाएंगे। जेल प्रशासन नए साल को लेकर कैदियों के लिए विशेष पकवान की व्यवस्था कर रखी है।
नववर्ष पर जीछो दुर्गा मंदिर को पूरी तरह सजाया गया था। जगह-जगह रंगोली बनाई गई है।