Weather Forecast: तेजी से गिरा तापमान, बांका समेत कई जिलों में मौसम रहेगा आंशिक रूप से साफ
Weather Forecast- पिछले दिनों हुई बारिश के बाद मौसम में तेजी के साथ बदलाव आया है। पंखें-कूलर और एसी अब ठंडे बस्ते में डाले जा रहे हैं। अचानक से तापमान तेजी के साथ नीचे गिरा है। इस समय बांका समेत कई जिलों में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री है...
संवाद सूत्र, बांका। Weather Forecast: पिछले कुछ दिनों से जिले में हुई बारिश के बाद मौसम में कुछ परिवर्तन देखने को मिल सकता है। आने वाले छह दिनों में आसमान आंशिक रूप से साफ रहने की उम्मीद जताई जा रही है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री तक रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है।
केविके के मौसम विज्ञानी जुबुली साहू ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में आसमान साफ से लेकर आंशिक साफ रहने के साथ ही जिले में बारिश की संभावना कम रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के मध्यम रह सकती है। सुबह की सापेक्षिक आद्र्ता 68-79 फीसद और दोपहर की सापेक्षिक आद्र्ता 43-53 फीसद तक रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान दो से आठ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पछिया हवा चल सकती है।
- -आने वाले दिनों में आसमान आंशिक रूप से मौसम साफ रहने की उम्मीद
- - इस दौरान अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद
किसानों पर मौसम की मार
सुपौल के वीरपुर सहित सीमावर्ती क्षेत्र में सोमवार की शाम से हुई लगातार तेज हवा के साथ हुई बारिश ने धान की फसल को व्यापक नुकसान पहुंचाया है साथ ही बिजली सेवा को भी प्रभावित किया। इस साल धान की बेहतर पैदावार सीमा क्षेत्र में होने से किसान उत्साहित थे। फसल कटने ही वाली थी कि हवा और पानी ने धान की फसल को खेतों में सुला दिया।
किसानों का कहना है कि इससे धान की पैदावार निश्चित रूप से प्रभावित होगी। गौरतलब हो कि किसानों ने महाजनों से कर्ज लेकर खेती की थी। फसल बेहतर भी लगी पर इस प्राकृतिक मार ने उनके चेहरे पर मायूसी ला दी है। आंधी-पानी के कारण विद्युत सेवा भी जगह-जगह प्रभावित हो गई है। रात भर बिजली गुल रही। कई जगहों पर पेड़-पौधे गिर गए। तेज हवा के कारण फूस के घरों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। बारिश का पानी घर-आंगन में फैल गया है। रतनपुर, सातनपट्टी, भगवानपुर, भीमनगर, निर्मली , दीनबंधी, भीमनगर, कोचगमा, बलभद्रपुर, बनेलिपट्टी, कुशहर, हृदयनगर, बिशनपुर शिवराम में फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है।