सीएए के खिलाफ हम सबको एकजुट होकर लड़ना होगा
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन (एनआरसी) के खिलाफ शनिवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला।
भागलपुर। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन (एनआरसी) के खिलाफ शनिवार को केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला।
उन्होंने भागलपुर के पुरैनी में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार सीएए और एनआरसी जैसे काले कानून को लागू कर हमें बांटना चाहती है। इसके लिए हम लोगों को एकजुट होकर इसके विरोध में लड़ना होगा। आज हमारी पहचान के आधार पर भेदभाव किया जा रहा है, लेकिन हम लोग ऐसा होने नहीं देंगे। ये बिहार की धरती है। यह बुद्ध, महावीर, गुरु गोविंद सिंह, जेपी और जगदेव बाबू की धरती है। यहां इस काले कानून को लागू नहीं होने देंगे। बिहार सरकार भी इसके लिए केरल की तरह विधान सभा में प्रस्ताव पास कर विरोध दर्ज कराए।
कन्हैया ने कहा कि हमारे संविधान ने हां और ना दोनों कहने की आजादी दी है। आज हम लोग यहां ना कहने की आजादी के लिए जुटे हैं। उन्होंने पुरैनी के लोगों से ज्यादा से ज्यादा संख्या में पटना में आयोजित रैली में भाग लेने का आह्वान किया। कहा, सीएए और एनआरसी का मसला किसी एक समुदाय का मसला नहीं है। ये हम सभी का मसला है। इस लड़ाई में सभी को एक जुट होना होगा।