सुल्तानगंज के कई वार्डों में जलापूर्ति ठप, नौ दिनों से पानी की किल्लत से जूझ रहे लोग
सुल्तानगंज नगर परिषद के कई वार्डों में जलापूर्ति ठप है। पिछले नौ दिनों से लोग पानी के लिए परेशान हैं। स्थानीय लोगों की माने तो एक माह के अंदर चार बार मोटर खराब हो गई है। इससे लोगों को...
संवाद सूत्र, सुल्तानगंज। नगर क्षेत्र में बीते नौ दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है इसको लेकर वार्ड के लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बार-बार पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोगों को परेशानी हो रही है। इससे रोजमर्रा के कामों में परेशानी हो रही है।
कई वार्डों में पेयजल आपूर्ति ठप होने के बाद नगर प्रशासन हरकत में आया था और मोटर को ठीक कराया, लेकिन पंप हाउस का मोटर ठीक होने के बाद फिर से खराब हो गया और जलापूर्ति बंद हो गई। नगर क्षेत्र में आधा दर्जन वार्डों में 2 दिन तथा 11, 12 और 13 में बीती 5 जनवरी से ही पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति ठप है। इसको लेकर के नगरवासियों ने बार-बार नगर प्रशासन से इसकी शिकायत की, लेकिन इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। ऐसे में अब लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय प्रभारी संजय चौधरी ने नगर कार्यपालक पदाधिकारी अभिनव कुमार से जल्द से जल्द मोटर ठीक करवाने और पेयजल आपूर्ति को सुचारू करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि पर्व को देखते हुए कुशल कारीगर से कर्मचारी की देखरेख में मोटर को दुरुस्त कराया जाए, ताकि अविलंब जलापूर्ति की व्यवस्था शुरू की जा सके।
उधर, नगरवासी सनी कुमार चौधरी ने बताया कि पेयजल आपूर्ति बार-बार ठप होने से काफी परेशानी हो रही है। कई बार नगर प्रशासन को इसकी सूचना दी गई, लेकिन जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है। यदि सब कुछ ऐसा रहा तो आने वाले समय में लोग आंदोलन के लिए विवश होंगे।
शिक्षक अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि उनके घर में भी विगत एक सप्ताह से पानी नहीं आ रहा है। ऐसे में कई जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने कहा कि कभी मोटर खराब तो कभी पाइप लीकेज। आए दिन कोई न कोई समस्या लगी रहती है। वहीं, राजेश मिश्रा का कहना है कि जलापूर्ति को सुचारू करने के लिए जल्द से जल्द नगर प्रशासन को पहल करने की जरूरत है नहीं तो लोग परेशान होंगे।
महीने में चार बार खराब हो चुका है मोटर
शहर में पानी सप्लाई करने को लेकर लगाया गया मोटर एक महीने में चार बार खराब हो चुके है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि पंप हाउस में दो मोटर लगाए गए हैं। 20 एचपी और 10 एचपी के जो दोनों मोटर अपने में इंटरकनेक्ट हैं। यदि एक भी मोटर खराब होता है तो पानी चढऩे में समस्या होती है। विगत 1 महीने में 4 बार मोटर खराब हो गया है। कभी स्टार्टर तो कभी चाबी खराब। वहीं 20 एचपी का मोटर पैनल भी खराब हो चुका है।
पूर्व में मोटर बदला जाना था, लेकिन नहीं हो सका। इसके रिप्लेसमेंट के लिए पटना आर्डर दे दिया गया है। शुक्रवार शाम तक मोटर पटना से आने की संभावना है। जिसके बाद जलापूर्ति शुरू कराई जाएगी। 20 एचपी का मोटर रिप्लेस किया जाएगा, ताकि शहर में निर्बाध रूप से जलापूर्ति की जा सके। शुक्रवार देर शाम से शहरवासियों को निर्बाध जलापूर्ति मिलेगी। -अभिनव कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद, सुल्तानगंज