वर्चुअल रैली : बोले शाहनवाज-जिले की सभी विधानसभा सीटों पर एनडीए की होगी जीत
Virtual rally भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारी शुरू कर दी। कोरोना काल में कार्यकर्ता सोशल साइट के माध्यम से कार्यक्रम में जुड़ रहे हैं। भागलपुर में लगातार Virtual rally हो रही है।
भागलपुर [दिलीप कुमार शुक्ला]। भागलपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी ने वर्चुअल संवाद किया। इस कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय और प्रदेश के नेताओं ने संबोधित किया। वृंदावन हॉल में आयोजित संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता भागलपुर जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने की। भागलपुर में मंच पर जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय के अलावा विधानपार्षद डॉ एनके यादव, अर्जित शाश्वत चौबे, रामानंद चौधरी, डॉ प्रीति शेखर, अभय बर्म्मन थे। संचालन सोनू घोष कर रहे थे। धन्यवाद ज्ञापन पंकज सिंह ने किया। जिला के वरीय उपाध्यक्ष दिलीप निराला ने कार्यकर्ताओं का संकल्प कराया। जिला उपाध्यक्ष विजय कुशवाह ने 'जीवन में कुछ करना है तो मन को मारे मत बैठो' सामूहिक गीत से कार्यक्रम की शुरुआत की। वर्चुअल संवाद में दिल्ली से भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने संबोधित किया। वहीं, पटना से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा व प्रदेश मंत्री सिद्धार्थ शंभू इस कार्यक्रम में जुड़े।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे की कोरोना वायरस को लेकर किए गए प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण के लिए समर्पित है। सड़क, पुल, विश्वविद्यालय, बैंकिंग सेवा, अंत्योदय योजना, खाद्यान आपूर्ति, शौचालय, अवास, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा आदि में बेहतर कार्य किए गए हैं। आगे भी कार्य जारी रहेंगे।
प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश वर्मा ने कहा कि देश पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों को मिले, इसके लिए कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करें।
विधान पार्षद डॉ एनके यादव ने कहा कि विपक्षी पार्टियां खास राजद ने आरोप लगाया है कि भाजपा आरक्षण को समाप्त कर देगी। उन्होंने कहा कि आरक्षण किसी भी कीमत पर समाप्त नहीं होगा। ऐसा देश की जनता विश्वास करें। जो आरक्षण की श्रेणी में हैं, उन्हें आरक्षण मिलता रहेगा।
जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय ने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी सहयोग करें। स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करें। छोटे-छोटे उद्योग स्थापित कर भारत को आत्मनिर्भर बनाएं। खेती, किसानी, गो पालन आदि पर जोर दें। सरकार इसकी योजना बना रही है। भारत के प्रति समर्पण से ही देश का कल्याण होगा।
सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि भागलपुर जिले के भाजपा कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से ईमानदारीपूर्वक काम करते हैं। पार्टी और देश की सेवा के लिए कार्यकर्ताओं का समर्पण रहता है। उन्होंने कहा भागलपुर व नवगछिया के सभी विधानसभा सीटों पर एनडीए की जीत होगी। इसके लिए कार्यकर्ता एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कोरोना महामारी से निपटने के लिए केंद्र सरकार के किए गए प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत शीघ्र ही कोरोना से मुक्त हो जाएगा। वहीं, उन्होंने आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि संकट काल में भी देश के साथ कांग्रेस खड़ा नहीं होती। चीन को लेकर कांग्रेस पहले अपनी नीति स्पष्ट करे।
अर्जित शाश्वत चौबे ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के तहत 20 लाख करोड़ के पैकेज से लोगों को फायदा हुआ। गरीब कल्याण योजना के तहत सात करोड़ लोगों को रोजगार दी जा रही है। कृषि के क्षेत्र में एक लाख करोड़ का कृषि संरचना को भी तैयार की गई है। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए तीन लाख करोड़ की सुविधा मुहैया कराई गई है। अब देश में ही 200 से ज्यादा मोबाइल बनाने की फैक्ट्री है। तीन लाख पीपीई किट और एन 95 मास्क भी प्रतिदिन तैयार हो रहा है। अर्जित ने प्रधानमंत्री के निर्णय जिसमें धारा 370 समाप्त करना, तीन तलाक समाप्त करना, सीएए लागू कर पड़ोसी देश के पीड़ित अल्पसंख्यकों को नागरिकता देना आदि की चर्चा की। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण शुरू किया जा चुका है। करतारपुर कॉरिडोर बनाकर पाकिस्तान में गुरुनानक देव जी की जन्मभूमि तक यात्रा प्रारंभ करना भारत के लिए गौरवशाली दिन रहा।
डॉ प्रीति शेखर ने भागलपुर के कांग्रेस विधायक अजीत शर्मा के कार्यकाल में विकास ना होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने भोलनाथपुल, फ्लाइ ओवर, स्मार्ट सिटी, गंदगी, जाम आदि पर विधायक का ध्यान ही नहीं गया। अभय वर्म्मन ने कहा कि भागलपुर के विधायक अजीत शर्मा को सिर्फ शराब की बिक्री फिर से शुरू हो जाए, इसकी चिंता है। उन्हें विकास के कोई लेना देना नहीं है।
नहीं करें नारेबाजी
जिलाध्यक्ष रोहित पांडेय जैसे ही बोलेने के लिए उठे कार्यकर्ताओं ने 'रोहित पांडेय जिंदाबाद' के नारे लगाने शुरू कर दिए। जिस पर जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को नारे लगाने से मना करते हुए कहा कि भाजपा की यह परिपार्टी नहीं है। यहां केवल भारत माता और भाजपा के सम्मान में नारेबाजी की जाती है। कार्यकर्ता इसका पालन करें।