विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Vikaramshila Setu Update: सावन के बाद हटेगा बेली ब्रिज, विक्रमशिला सेतु पर 3 महीने बंद रहेगा आवागमन

Published: Mon, 13 Jul 2026 03:32 PM (IST)

पथ निर्माण मंत्री शैलेंद्र ने विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन कार्य का निरीक्षण किया। 1 सितंबर से बेली ब्रिज बंद होगा ...और पढ़ें

बेली ब्रिज। फोटो जागरण

बेली ब्रिज। फोटो जागरण

HighLights

  1. मंत्री शैलेंद्र ने विक्रमशिला सेतु पुनर्स्थापन कार्य का निरीक्षण किया।

  2. 1 सितंबर से बेली ब्रिज पर आवागमन पूरी तरह बंद।

  3. 30 नवंबर तक सेतु का पुनर्निर्माण कार्य पूरा होगा।

जागरण टीम, भागलपुर। पवित्र सावन मास के बाद विक्रमशिला सेतु के स्थायी निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। 28 अगस्त से इस पर बने चार बेली ब्रिज को हटाने का काम शुरू होगा। एक सितंबर से तीन महीनों तक सेतु पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह से बंद हो जाएगा।

बेली ब्रिज हटाने का कार्य पथ निर्माण विभाग की निगरानी में बीआरओ और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की संयुक्त टीम करेगी। सोमवार को पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र ने पुनर्स्थापन कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को 30 नवंबर तक हर हाल में निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के संकल्प के अनुरूप विक्रमशिला सेतु का पुनर्स्थापन कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाएगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी एसपी सिंगला तथा संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण और समयबद्ध निष्पादन की विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पुनर्स्थापन कार्य के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी।

जलस्तर और त्योहारी सीजन में रहेगा यातायात प्रबंधन का दबाव

एक सितंबर से सेतु पर आवागमन बंद होने के दौरान गंगा के बढ़ते जलस्तर और आगामी त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए चुनौती होगी।

इस पर मंत्री ने कहा कि जनसुविधा, सुरक्षित आवागमन और बेहतर संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला प्रशासन संबंधित विभागों के समन्वय से वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाएगा।

25 अगस्त तक पहुंचेगी बीआरओ की पूरी टीम

बीआरओ के अधीक्षण अभियंता विपिन कुमार चंद्र ने बताया कि 25 अगस्त तक पूरी टीम मौके पर पहुंच जाएगी। 28 अगस्त से बेली ब्रिज हटाने की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसे पूरा करने में लगभग एक सप्ताह का समय लगेगा।

बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, खगड़िया प्रमंडल के वरीय परियोजना अभियंता शशि भूषण सिंह ने बताया कि बेली ब्रिज हटने के बाद विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से के पुनर्स्थापन का मुख्य कार्य शुरू होगा। इसकी तैयारी पहले ही शुरू कर दी गई है।

इधर, ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि कार्य शुरू होने की औपचारिक सूचना अभी प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि बेली ब्रिज हटाने और पुनर्स्थापन कार्य के दौरान विक्रमशिला सेतु पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इस अवधि में भागलपुर और नवगछिया दोनों छोर पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

यह भी पढ़ें- भागलपुर विक्रमशिला सेतु पर 28 सितंबर से हटेगा बेली ब्रिज, बिहार के पथ निर्माण मंत्री ई. शैलेन्द्र ने तय की डेडलाइन