विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भागलपुर में कब शुरू होगा विक्रमशिला सेतु का जीर्णोद्धार? भारी मशीनें पहुंचने के बाद भी लटका काम, क्या है BRO मजबूरी

Published: Fri, 11 Sep 2026 10:12 AM (GMT+05:30)

Vikramshila Setu Repair Work Bhagalpur: भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के बहुप्रतीक्षित मरम्मत कार्य में बाढ़ और सरकारी निर्देशों के अभाव ...और पढ़ें

Vikramshila Setu Repair Work Bhagalpur: विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापना कार्य पर संशय बरकरार, पहुंच पथ पर पहुंचीं बड़ी मशीनें; बाढ़ के चलते टला बेली ब्रिज खोलना

Vikramshila Setu Repair Work Bhagalpur: विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापना कार्य पर संशय बरकरार, पहुंच पथ पर पहुंचीं बड़ी मशीनें; बाढ़ के चलते टला बेली ब्रिज खोलना

HighLights

  1. विक्रमशिला सेतु मरम्मत के लिए मशीनें पहुंचीं, काम रुका।

  2. बाढ़ और सरकारी निर्देश के अभाव में कार्य स्थगित।

  3. बीआरओ को सरकार के अगले आदेश का इंतजार है।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। Vikramshila Setu Repair Work Bhagalpur:  उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाले लाइफलाइन कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु के बहुप्रतीक्षित पुनर्स्थापना (मरम्मत) कार्य को लेकर संशय के बादल अब भी छंटे नहीं हैं। सेतु के जीर्णोद्धार कार्य के लिए निर्माण एजेंसी और सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से बड़ी-बड़ी आधुनिक मशीनें व उपकरण मंगा लिए गए हैं।

इन भारी मशीनों को पहुंच पथ (एप्रोच रोड) पर स्थित महिला आईटीआई के समीप सुरक्षित रखवाया गया है। तकनीकी संसाधन जुटा लिए जाने के बावजूद जमीनी स्तर पर मरम्मत कार्य की शुरुआत कब से होगी, इसे लेकर प्रशासनिक या विभागीय स्तर पर कोई स्पष्ट और आधिकारिक समय-सारणी जारी नहीं की गई है।

कार्य शुरू न होने के पीछे जिले में गंगा और उसकी सहायक नदियों का उफान तथा बाढ़ की भयावह स्थिति मुख्य कारण मानी जा रही है। वर्तमान समय में भागलपुर और नवगछिया अनुमंडल सहित आसपास के दियारा व ग्रामीण इलाकों की एक बड़ी आबादी बाढ़ के पानी से घिरी हुई है। ऐसे संवेदनशील समय में सेतु पर किसी भी प्रकार के डायवर्जन या आवागमन बाधित होने से राहत-बचाव कार्यों और आवश्यक सेवाओं पर सीधा असर पड़ने की आशंका है।

15 दिनों के स्थगन के बाद सरकार के नए पत्र का इंतजार

बीआरओ के अधीक्षण अभियंता (सुप्रिटेंडिंग इंजीनियर) विपीन कुमार चंद ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापना कार्य की रूपरेखा के तहत सेतु पर स्थापित बेली ब्रिज को हटाया जाना प्रस्तावित था। इसी क्रम में 28 अगस्त को सरकार की ओर से एक पत्र प्राप्त हुआ था, जिसमें बाढ़ और आमजन की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए बेली ब्रिज खोलने के कार्य को 15 दिनों के लिए स्थगित करने का निर्देश दिया गया था।

Vikramshila Setu Repair Delayed in Bhagalpur Amid Floods (1)

  • विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापना (मरम्मत) कार्य को लेकर असमंजस बरकरार, कार्य प्रारंभ होने की अब तक आधिकारिक तिथि तय नहीं

  • पहुंच पथ पर महिला आईटीआई के समीप पहुंचीं भारी मशीनें, निर्माण सामग्री व उपकरण तैनात

  • 28 अगस्त को सरकार ने बाढ़ को देखते हुए बेली ब्रिज खोलने पर लगाई थी 15 दिनों की रोक, अवधि बीतने के बाद भी नया आदेश लंबित

  • बीआरओ के अधीक्षण अभियंता विपीन कुमार चंद ने कहा- सरकार से निर्देश मिलने के बाद ही बेली ब्रिज हटाने और काम शुरू करने पर होगा फैसला

उन्होंने बताया कि निर्धारित 15 दिनों की अवधि पूरी होने के करीब पहुंचने के बाद भी सरकार अथवा संबंधित मंत्रालय से बेली ब्रिज को खोलने या हटाने के संबंध में कोई नया दिशा-निर्देश या पत्र अब तक प्राप्त नहीं हुआ है। अधीक्षण अभियंता ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार की ओर से अग्रतर आदेश नहीं आ जाता, तब तक कार्य शुरू होने की निश्चित तिथि के बारे में कुछ भी कहना संभव नहीं है। विभागीय निर्देश प्राप्त होते ही आगे की तकनीकी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

बाढ़ और आवागमन का संतुलन बना प्रशासनिक चुनौती

जिले में मौजूदा बाढ़ संकट के कारण विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक है। उत्तर बिहार से भागलपुर शहर, मायागंज अस्पताल और दक्षिण बिहार की ओर आवाजाही का यह एकमात्र प्रमुख साधन है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यदि इस समय बेली ब्रिज को हटाने या मरम्मत के लिए एक लेन बंद करने का निर्णय लिया जाता है, तो पुल पर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाएगी, जिससे बाढ़ राहत सामग्री, एंबुलेंस और आम मुसाफिरों की मुश्किलें कई गुना बढ़ सकती हैं। यही वजह है कि जब तक नदियों का जलस्तर पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाता, तब तक पुनर्स्थापना कार्य को धरातल पर उतारने को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।