विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विक्रमशिला सेतु बंद: नाव से वाहन पार कराने पर लगेगा ₹700 तक किराया, पैदल और साइकिल वालों को राहत  

Published: Thu, 01 Oct 2026 07:00 AM (IST)

Vikramshila Setu के स्थायी पुनर्स्थापन तक गंगा में वैकल्पिक फेरी सेवा शुरू की गई है, जिसमें यात्रियों और साइकिल सवारों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

फेरी सेवा। फाइल फोटो

फेरी सेवा। फाइल फोटो

HighLights

  1. यात्रियों और साइकिल सवारों के लिए फेरी सेवा निःशुल्क है।

  2. मोटरसाइकिल के लिए ₹50, कार के लिए ₹700 शुल्क निर्धारित।

  3. सरकार सीधे फेरी संचालकों को भुगतान करेगी, यात्री किराया नहीं देंगे।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु के स्थायी पुनर्स्थापन तक गंगा में चलने वाली वैकल्पिक फेरी सेवा में यात्रियों और साइकिल से सफर करने वालों को राहत मिलेगी।

दोनों श्रेणी के यात्रियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। वहीं, मोटरसाइकिल को फेरी से पार कराने के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

29 सितंबर को अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में गठित समिति की बैठक में विभिन्न एजेंसियों से प्राप्त वित्तीय प्रस्तावों पर चर्चा के बाद दरों को मंजूरी दी गई।

फेरी सेवा संचालन के लिए नौ एजेंसियों ने वित्तीय दरें प्रस्तुत की थीं। समिति के सदस्यों ने जहाज संचालकों के साथ दरों को लेकर चर्चा की। इसके बाद विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों, वाहनों और सामान के लिए निर्धारित दरों को अनुमोदित किया गया।

यात्रियों से सीधे नहीं वसूलेंगे राशि

प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यात्रियों से फेरी संचालक कोई किराया सीधे नहीं लेंगे। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार यात्रियों की संख्या और जहाज की लदान क्षमता के आधार पर सरकार के स्तर से संचालक को भुगतान किया जाएगा।

मोटरसाइकिल के लिए निर्धारित 50 रुपये शुल्क में से 70 प्रतिशत यानी 35 रुपये संचालक को मानदेय के रूप में दिए जाएंगे, जबकि शेष 30 प्रतिशत यानी 15 रुपये संबंधित सरकारी शीर्ष में जमा होंगे।

कार के लिए 700, ट्रैक्टर के लिए 500 रुपये

फेरी सेवा में माल-मवेशी और 100 किलोग्राम तक वस्तुभार के लिए 30-30 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। साइकिल (लोडेड और अनलोडेड) तथा एंबुलेंस नि:शुल्क रहेंगी।

तीन पहिया टोटो/आटो के लिए 150, लोडेड ट्रैक्टर के लिए 500 और अनलोडेड ट्रैक्टर के लिए 250 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

लोडेड पिकअप के लिए 600 और अनलोडेड के लिए 300 रुपये लगेंगे। जीप, कार, टैक्सी, बोलेरो और स्कार्पियो के लिए 700 रुपये शुल्क निर्धारित है।

भारी वाहनों के लिए भी अलग-अलग दर तय की गई है। 10 व्हीलर के लिए लोडेड 3800 और अनलोडेड 1900, 12 व्हीलर के लिए 4400 और 2200, 14 व्हीलर के लिए 4500 और 2250, 16 व्हीलर के लिए 4800 और 2400 तथा 18 व्हीलर के लिए लोडेड 5000 और अनलोडेड 2250 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

सुरक्षित संचालन के निर्देश

प्रशासन ने फेरी सेवा के दौरान यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा तथा व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। जहाज की क्षमता के अनुसार ही यात्रियों और वाहनों को ले जाने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन कराने पर जोर दिया गया है।

विक्रमशिला सेतु के स्थायी पुनर्स्थापन के दौरान यह वैकल्पिक व्यवस्था भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन में सहायक होगी।

विक्रमशिला सेतु बंद अवधि में फेरी सेवा की प्रमुख दरें

यात्री/सामग्री/वाहन निर्धारित शुल्क
यात्री (12 वर्ष से कम) नि:शुल्क
यात्री (12 वर्ष से अधिक) नि:शुल्क
माल-मवेशी 30 रुपये
वस्तुभार (100 किग्रा तक) 30 रुपये
साइकिल (लोडेड/अनलोडेड) नि:शुल्क
एंबुलेंस नि:शुल्क
मोटरसाइकिल 50 रुपये
तीन पहिया टोटो/आटो 150 रुपये
ट्रैक्टर (लोडेड) 500 रुपये
ट्रैक्टर (अनलोडेड) 250 रुपये
पिकअप (लोडेड) 600 रुपये
पिकअप (अनलोडेड) 300 रुपये
जीप/कार/टैक्सी/बोलेरो/स्कार्पियो 700 रुपये
10 व्हीलर (लोडेड/अनलोडेड) 3800/1900 रुपये
12 व्हीलर (लोडेड/अनलोडेड) 4400/2200 रुपये
14 व्हीलर (लोडेड/अनलोडेड) 4500/2250 रुपये
16 व्हीलर (लोडेड/अनलोडेड) 4800/2400 रुपये
18 व्हीलर (लोडेड/अनलोडेड) 5000/2250 रुपये