भागलपुर जेल से तिहाड़ भेजा जाएगा नीरज गैंग का शातिर, कम उम्र की लड़कियों को बनाता था हवस का शिकार
भागलपुर जेल में बंद है नीरज बवाना गैंग का शातिर गुणसागर। पाक्सो मामले में समन के बाद उसे सुनवाई के लिए लाया गया था। गुणसागर पर कई आरोप हैं। वह कम उम्र की लड़कियों के साथ गंदा काम करता था।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर की शहीद जुब्बा सहनी केंद्रीय कारा में बंद नीरज बवाना गैंग के शातिर गुणसागर को वापस तिहाड़ जेल भेजा जाएगा। जेल प्रशासन इसकी कवायद से पूर्व न्यायालय से अनुमति लेगा। दरअसल उसे भागलपुर में पाक्सो मामले की विशेष अदालत से समन जारी होने पर यहां के मुकदमे की सुनवाई पूरी करने को लाया गया था। दिल्ली में पाक्सो से जुड़े एक केस में सजा हुई थी। उक्त केस में वह निचली अदालत के फैसले के विरुद्ध उच्च न्यायालय में अधिवक्ता से अपील फाइल करा रखी थी। उक्त अपील की सुनवाई को लेकर न्यायालय ने उसको पेश करने की प्रोडक्शन वारंट जारी कर दी है। उक्त वारंट की कापी भागलपुर जेल पहुंची है।
2014 में भागलपुर में 13 साल की छात्रा से दुष्कर्म कर भाग गया था दिल्ली
दिल्ली के बवाना थाना क्षेत्र में 2018 में किशोरी से दुष्कर्म मामले में तिहाड़ जेल में सजा काट रहे गुणसागर दास को लेकर दिल्ली पुलिस पांच अगस्त 2022 को भागलपुर पहुंची थी। गोराडीह थाना क्षेत्र में 19 फरवरी 2014 को 13 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म मामले में भागलपुर पुलिस को उसकी तलाश थी। गुणसागर भागलपुर के गोराडीह थाना क्षेत्र में दुष्कर्म को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था। पुलिस दबिश बढ़ने पर वह दिल्ली के बवाना में अपना ठिकाना बना लिया था। जहां वह कुख्यात गैंगेस्टर नीरज बवाना गिरोह से नाता जोड़ लिया था। इस बीच गोराडीह में छात्रा के साथ दुष्कर्म वाले केस में न्यायालय ने उसके विरुद्ध जब वारंट जारी किया तो गोराडीह थाने में पहले उसका वारंट उसके फरार हो जाने के कारण तामिला नहीं हो सका था।
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने उसकी तलाश जारी रखी थी। स्वजनों की तकनीकी निगरानी में उसके दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद होने की आखिरकार जानकारी मिल गई। थानाध्यक्ष ने जारी वारंट पर ही गुणसागर के तिहाड़ जेल में होने की लिखित जानकारी दी थी। तब मामले में भागलपुर की विशेष पाक्सो न्यायाधीश लवकुश कुमार के आदेश बाद एसएसपी बाबूराम ने दिल्ली पुलिस की बवाना पुलिस से संपर्क साध उसे भागलपुर लाए जाने की कवायद पूरी कराई थी।