बारिश ने खोली निगम की पोल, गंदगी से बजबजाया शहर
शुक्रवार की शाम से हो रही बारिश ने शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। भोलानाथ पुल लोहिया पुल के नीचे और लोहा पट्टी की ओर जाने वाली सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो गया है। आदमपुर सराय आदि इलाकों में भी सड़क पर नाले पानी जमा हो गया है।
भागलपुर। शुक्रवार की शाम से हो रही बारिश ने शहर की सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। भोलानाथ पुल, लोहिया पुल के नीचे और लोहा पट्टी की ओर जाने वाली सड़क पर घुटने भर पानी जमा हो गया है। आदमपुर, सराय आदि इलाकों में भी सड़क पर नाले पानी जमा हो गया है।
बारिश ने सिल्क सिटी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। अधिकतर चौक-चौराहों पर जलजमाव के कारण गाड़ियां बहुत कम चल रही हैं। सैंडिस कंपाउंड का पानी नवाबबाग कॉलोनी से होकर बह रहा है।
भोलानाथ पुल के नीचे सबसे खतरनाक स्थिति
इशाकचक से मिरजानहाट तक सड़क पर शनिवार को पूरे दिन एक फीट तक पानी बह रहा था। सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं। लोहिया पुल के नीचे भी यही स्थिति है। लोहापट्टी और कलाली गली में जलजमाव की वजह से कम संख्या में लोग दिखे। भोलानाथ पुल और बौंसी रेलवे अंडर पास के पास स्थिति सबसे खतरना है। जलजमाव के कारण लोग अंडरपास को पार करने की हिम्मत नहीं कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोग जान जोखिम में डाल कर पार कर रहे थे। इस दौरान कुछ वाहन चालक गहरे पानी में असंतुलित होकर गिर गए। बौंसी अंडरपास के पास जलजमाव से राजेंद्रनगर, लोदीपुर, तहबलपुर, जमशी, पीपरा, माछीपुर, गोराडीह समेत अन्य इलाके के लोगों को दूसरे रास्ते से होकर आना-जाना पड़ रहा है। जैन मंदिर रोड में जलजमाव से स्थिति बिगड़ी
बारिश के कारण नाथनगर के जैन मंदिर मार्ग में और अधिक जलजमाव हो गया है। वहां की सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। सैंडिस कंपाउंड के बाहरी परिसर और एनएच 80 के किनारे भी कई जगह जलजमाव की स्थिति थी।
इधर, कूड़े का उठाव नहीं होने की वजह से सड़कों पर बदबू फैलने लगी है। पैदल चलने वालों के पांवों में कूड़े-कचरे फंस रहे हैं। गली-मोहल्लों की दो दिनों से सफाई नहीं हुई है।