Bihar Assembly Election 2020 : बोले केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान - भागलपुर और बांका में हुए सभा, पाकिस्तान की भाषा बोल रही कांग्रेस
Bihar Assembly Election 2020 केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने धोरैया और बिहपुर में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने एनडीए प्रत्याशी के लिए लोगों से वोट मांगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य और देश में बहुत काम किया है।
भागलपुर, जेएनएन। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि चिडिय़ाघर की मिट्टी बेचकर मॉल बनाने वाले आज 10 लाख लोगों को रोजगार देने की बात कह रहे हैं। दूसरी ओर कांग्रेस नेतृत्व पाकिस्तान की भाषा बोल रहा है। धर्मेंद्र प्रधान पूर्व शहरी विकास मंत्री सम्राट चौधरी के साथ भागलपुर के बिहपुर प्रखंड स्थित जयरामपुर में भाजपा प्रत्याशी ई. शैलेंद्र और बांका जिले के धोरैया विधानसभा क्षेत्र स्थित सादपुर में जदयू प्रत्याशी मनीष कुमार के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मजबूत बिहार से ही मजबूत देश का निर्माण हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जाति-धर्म से परे होकर सभी के लिए समान काम किया है। 21वीं सदी में बुद्धिमता ही अर्थनीति बनेगी। उन्होंने कहा कि देश में 2022 तक कोई व्यक्ति गरीब नहीं रहेगा। सभी गरीबों को पक्के का मकान दिया जाएगा। कोरोना के दौरान 80 प्रतिशत घरों में मोदी सरकार ने अनाज पहुंचाया है। मां-बहनों के खातों में डेढ़-डेढ़ हजार रुपये डाले गए। डबल इंजन की एनडीए सरकार बिहार को विकास के पथ पर आगे ले जा रही है। बिहार में गरीबी उन्मूलन पर काम हो रहा है और विकास के मामले में बिहार सबसे बेहतर राज्य बनेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि धोरैया के कुरमा गांव में विदेशी कंपनियों के लिए बैज बनाए जाते हैं। यहां की प्रतिभाओं को विश्वस्तर तक पहुंचाया जाएगा।
मौके पर सम्राट चौधरी ने कहा कि जंगलराज कायम रखने वाले लोगों ने ना सिर्फ बिहार के साथ छल किया, बल्कि उन लोगों के साथ भी छल किया जो हमेशा उनके साथ रहे। उन्होंने कोसी पर वीरपुर-बिहपुर एनएच 106 के मिसिंग लिंक के निर्माण, अगुवानी में गंगापुल व विक्रमशिला समानांतर पुल की भी चर्चा की। 2005 में नीतीश और सुशील मोदी की सरकार ने दलितों, पिछड़ों और महिलाओं को आरक्षण दिया। जब सभी को आरक्षण मिल गया तो पीएम ने सवर्णों को दस प्रतिशत आरक्षण दिया है।