विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्कूल से लौटे, तालाब में उतरे और फिर नहीं लौटे, भागलपुर में डूबने से दो छात्रों की मौत, गांव में मातम

Published: Thu, 17 Sep 2026 07:52 PM (IST)

Bhagalpur Kahalgaon Kavaiya Tola Pond Drowning Two Students Death: भागलपुर के कहलगांव थाना क्षेत्र में कवैया टोला तालाब में नहाने ...और पढ़ें

कहलगांव के कवैया टोला तालाब पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ और रोते-बिलखते मृतक छात्रों के परिजन

कहलगांव के कवैया टोला तालाब पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ और रोते-बिलखते मृतक छात्रों के परिजन

HighLights

  1. कहलगांव के कवैया टोला तालाब में दो स्कूली छात्र डूबे।

  2. विभीषण और मनीष कुमार की दुखद मौत से गांव में शोक।

  3. पीड़ित परिवारों के लिए आपदा मुआवजे की मांग की गई।

संवाद सूत्र, कहलगांव (भागलपुर)। Bhagalpur Kahalgaon Kavaiya Tola Pond Drowning Two Students Death भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सदानंदपुर पंचायत के कवैया टोला स्थित तालाब में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां दोपहर के वक्त तालाब में स्नान करने के दौरान डूबने से दो नाबालिग स्कूली छात्रों की अकाल मौत हो गई।

मृतकों की पहचान कहलगांव के नंदलालपुर हरिजन टोला निवासी गिरिराज दास के 15 वर्षीय पुत्र विभीषण कुमार और सुनील दास के 12 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार के रूप में की गई है। दोनों बच्चे स्थानीय मध्य विद्यालय कामत टोला में पढ़ाई करते थे।

  • भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सदानंदपुर पंचायत के कवैया टोला तालाब में डूबने से दो स्कूली छात्रों की दर्दनाक मौत

  • मृतकों की पहचान नंदलालपुर हरिजन टोला निवासी विभीषण कुमार (15 वर्ष) और मनीष कुमार (12 वर्ष) के रूप में हुई

  • मध्य विद्यालय कामत टोला में छुट्टी के बाद 4 दोस्त नहाने गए थे; 2 सुरक्षित बाहर निकले जबकि विभीषण व मनीष गहरे पानी में समा गए

  • सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा; स्थानीय मुखिया ने आपदा राहत मुआवजे की उठाई मांग

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद चार छात्र एक साथ खेलने-टहलते हुए कवैया टोला स्थित तालाब किनारे पहुंचे और पानी में नहाने उतर गए। नहाने के दौरान दो छात्र सुरक्षित तैरकर किनारे से बाहर निकल आए, लेकिन विभीषण और मनीष अचानक गहरे पानी की ओर चले गए और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगे।

बाहर निकले बच्चों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण और स्वजन बदहवास स्थिति में दौड़ते हुए तालाब पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और दोनों की मौत हो चुकी थी।

शवों से लिपटकर रो पड़ीं माताएं, चीत्कार से दहला पूरा गांव

जैसे ही तालाब से दोनों बच्चों के बेजान शव बाहर निकाले गए, मौके पर मौजूद उनकी माताएं अपने-अपने कलेजे के टुकड़ों के शवों से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं। दोनों परिवारों के करुण क्रंदन से पूरे तालाब परिसर और गांव का माहौल अत्यंत हृदयविदारक हो गया। दो होनहार मासूमों की अचानक हुई इस असामयिक मौत से नंदलालपुर हरिजन टोला में मातम और सन्नाटा पसर गया है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव, आपदा मुआवजे की उठी मांग

घटना की सूचना मिलते ही कहलगांव थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और परिजनों व चश्मदीदों से पूछताछ की। पुलिस ने दोनों छात्रों के शवों को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पंचायत की मुखिया प्रभा देवी, पूर्व सरपंच विभा देवी और अनिरुद्ध रजक ने गहरा शोक प्रकट किया। जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन विभाग से पीड़ित गरीब परिवारों को अविलंब आपदा राहत योजना के तहत आर्थिक मुआवजा देने की पुरजोर मांग की है।