Supaul: प्रखंड मुख्यालय में शौचालय बन गई शोभा की वस्तु, हमेशा लटका रहता है ताला, खूले में शौच जाते हैं लोग
सुपौल प्रखंड कार्यालय के परिसर में बने शौचालय में ताला लटका रहता है। यहां आमलोगों के लिए शौचालय का निर्माण कराया गया था लेकिन निर्माण होने के बाद से ही यह बंद पड़ा हुआ है।
सुपौल, जेएनएन। पंचायतों में घूम-घूम कर लोगों को खुले में शौच नहीं करने का पाठ पढ़ाया जाता है। इसके लिए घर-घर शौचालय बनाकर पंचायतों को ओडीएफ घोषित कर दिया गया है लेकिन प्रखंड कार्यालय के परिसर में बने शौचालय में ताला लटका रहता है। यहां आमलोगों के लिए शौचालय का निर्माण कराया गया था लेकिन निर्माण होने के बाद से ही यह बंद पड़ा हुआ है। शौचालय में ताला लगे रहने से कार्यालय आनेवाले लोग प्रसाधन की आवश्यकता महसूस होने पर जगह तलाशते रहते हैं और खुले में शौच करने करने को मजबूर रहते हैं।
प्रखंड कार्यालय आने वाली महिलाओं के होती है ज्यादा परेशानी
प्रखंड कार्यालय परिसर में शौचालय पर लटका हुआ ताला आमलोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। दरअसल काफी चहल-पहल रहने के कारण यहां शौच के लिए जगह तलाशना भी मुश्किल होता है। ऐसे में सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को होती है। लोगों की माने तो कई बार संबंधित पदाधिकारी से शिकायत करने के बावजूद प्रशासन का रवैया काफी उदासीन रहा है। प्रखंड कार्यालय के कई कर्मी भी दबी जुबान से शौचालय बंद रहने से होने वाले परेशानी की बात कबूलते हैं।
लोगों की सुविधा के लिए बनाया गया था शौचालय
प्रखंड कार्यालय आनेवाले लोगों की सुविधा के लिए यहां शौचालय का निर्माण कराया गया था। प्रतिदिन सैकड़ों लोग यहां विभिन्न काम से आते हैं। इस दौरान उन्हें शौच की आवश्यकता महसूस होने पर शौचालय में ताला लटका मिलता है। अन्य कोई उपाय नहीं देख लोग सड़कों के किनारे गंदगी फैलाते हैं। ऐसे में खुले में शौच मुक्त अभियान की धज्जियां उड़ती हैं। लोगों का कहना है कि प्रखंड कार्यालय परिसर में शौचालय होने के बाद भी ताला लगता रहता है, लोग यत्र-तत्र गंदगी फैलाते हैं तो पंचायतों में लोगों को जागरूक करने का कोई मतलब नहीं है। जिम्मेदार अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।