रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने कसी कमर
सभी कोटियों के मान्यता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थी इसमें भाग लेंगे। विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन के बाद उनके इनोवेटिव आइडिया का चयन किया जाएगा।
भागलपुर। इंस्पायर अवार्ड मानक स्कीम के तहत विद्यार्थियों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है। इसके लिए सरकारी, निजी, सरकारी मान्यता प्राप्त सहित सभी कोटियों के विद्यालय अपने विद्यार्थियों का पंजीयन करा सकेंगे। पहली बार ऐसा होगा कि सभी कोटियों के मान्यता प्राप्त विद्यालयों के विद्यार्थी इसमें भाग लेंगे। विद्यार्थियों के रजिस्ट्रेशन के बाद उनके इनोवेटिव आइडिया का चयन किया जाएगा।
स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों में सृजनशीलता और रचनात्मक सोच की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के माध्यम से सामाजिक जरूरतों को पूरा करने की दिशा में सरकार की सकारात्मक पहल है।
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से रजिस्ट्रेशन के लिए वेब पोर्टल 'ई-एमआइएएस' पोर्टल खोल दिया गया है। नए विद्यालय भी इस वेब पोर्टल पर स्वयं को पंजीकृत कर सकते हैं। एक विद्यालय के दो से तीन अच्छे विचार (इनोवेटिव आइडिया) का चयन किया जाएगा। इंस्पायर अवार्ड स्कीम में पूर्व में भाग लेने वाले विद्यालय भी इसमें भाग ले सकेंगे। मानक स्कीम में कक्षा छठी से दसवीं तक के 10 से 15 आयुवर्ग के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। रजिस्ट्रेशन के लिए 30 जून अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
अंतिम रूप से चयनित 60 प्रतिभागियों के प्रयोग का होगा पेटेंट : राष्ट्रीय स्तर के लिए चयनित प्रतियोगियों के मॉडल को आइआइटी आदि प्रतिष्ठित संस्थानों के तकनीकी विशेषज्ञों की देखरेख में मॉडल तैयार कराया जाएगा। उसे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रदर्शित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट 60 मॉडल सह प्रयोग के प्रतिभागियों का चयन अंतिम रूप से किया जाएगा। इनके चयनित प्रोटोटाइप की उपयोगिता, व्यावसायिकता की संभावनाओं की जाच के बाद उसे विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग व अन्य योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। अर्थात उपयोगी होने पर उसका पेटेंट से लेकर उत्पाद का उत्पादन करने की भी व्यवस्था होगी। इनके मॉडल सह प्रयोग को राष्ट्रपति भवन में होने वाले नव प्रवर्तन उत्सव में प्रदर्शित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित इन प्रतियोगियों को जापान जाने का भी मौका मिलेगा।
इंस्पायर अवार्ड मानक स्कीम आइडिया चयन होने पर मिलेंगे 10 हजार : जिला स्तर पर दस हजार विद्यार्थियों के चयन का लक्ष्य रखा गया है। सबसे पहले विद्यार्थियों की ओर से रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के समय आइडिया की पूरी विवरणी देनी होगी। अगर आइडिया का चयन होता है तो उन्हें दस हजार रुपये दिए जाएंगे, जिससे वे अपना मॉडल या प्रतिकृति (प्रोटोटाइप) प्रयोग को तैयार कर सकेंगे। तैयार मॉडल को वे जिलास्तरीय प्रतियोगिता में शामिल करेंगे।
जिलास्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की कुल संख्या के 10 फीसद प्रयोग का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। राज्य स्तर पर चयन होने पर प्रतिभागी को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे, ताकि वे अपने प्रयोग को और दुरुस्त कर प्रस्तुत कर सकें। यहा प्रस्तुत कुल मॉडल के दस फीसद प्रयोग का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन किया जाएगा।