TMBU के कुलगीतकार से मांगी रंगदारी, बिजली विभाग से 2007 में हुए थे रिटायर्ड
भागलपुर में लगातार रंगदारी मांगने का सिलसिला बढ़ता जा रहा है। हाल में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष भगालपुर के डिप्टी मेयर सहित अन्य कई बड़े लोगों ने रंगदारी मांगने का मामला आया था। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
भागलपुर, जेएनएन। बरारी थाना क्षेत्र के संत नगर निवासी तिलकामांझी विवि के कुलगीतकार आमोद मिश्रा से पांच हजार की रंगदारी बदमाशों ने मांग सनसनी फैला दी। घटना की जानकारी पर बरारी पुलिस ने चंदन मंडल नामक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है। चंदन ने कैलाश यादव के नाम पर आमोद कुमार मिश्रा को फोन कर 22 सितंबर को रंगदारी मांगी थी। बुधवार की सुबह वह उनके घर आ पहुंचा। बरारी थानाध्यक्ष प्रमोद साह ने बताया कि चंदन ने स्वीकार कर लिया है कि उसने आमोद मिश्रा से रंगदारी मांगी थी। थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले में कैलाश की भूमिका भी जांच की जा रही है। चंदन मूलरूप से परवत्ता थाना क्षेत्र के छोटी अलालपुर का रहने वाला है। उसके पिता महेश्वर मंडल ने संत नगर में घर बना रखा है। जहां चंदन मछली का कारोबार देखता है। घटना की बाबत केस दर्ज कराया गया है।
फोन कर पांच हजार देने को कहा था
बदमाश ने 22 सितंबर की देर शाम फोन कर कहा था कि पांच हजार रुपये दीजिए। हमारा आदमी जाएगा। जरूरी है। फोन पर दस किलो चावल और दो किलो दाल की भी व्यवस्था करने को कहा था। पुलिस की तकनीकी सेल के पास फोन पर मांगी गई रंगदारी को लेकर बदमाश से हुई बातचीत का अंश साक्ष्य के तौर पर रख लिया है। एसएसपी आशीष भारती ने बरारी थानाध्यक्ष को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया था। बरारी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
ब्यूटी पार्लर के संचालक से 85 हजार की ठगी
तिलकामांझी थाना क्षेत्र स्थित सौंदर्य ब्यूटी पार्लर के संचालक से 85 हजार रुपये की ठगी का मामला प्रकाश में आया है। संचालक बांका के कैथपुरा गांव निवासी त्रिपुरारी चौबे ने थाने में शिकायत दर्ज कराया है, जिसमें मोजाहिदपुर अंचल के वारसलीगंज मिरजान निवासी गोविंद साह को आरोपित बनाया है। उसपर सौंदर्य प्रसाधन का सारा सामान बेच देने और राशि गबन करने का आरोप है।