TMBU छात्र संघ चुनाव : निर्वाची पदाधिकारी आरोपों पर उम्मीदवारों को करेंगे संतुष्ट Bhagalpur News
छात्र संघ चुनाव भविष्य की राजनीति की सीढ़ी होती है। स्वच्छ और पारदर्शी चुनावी व्यवस्था से छात्रों के मन में यह भाव जगेगा कि विस और लोस का चुनाव भी इसी तरह होता है।
भागलपुर [जेएनएन]। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव और मतगणना को पारदर्शी बनाया जाएगा। मतदान और मतगणना में उम्मीदवारों के स्तर पर आने वाली शिकायतों का निराकरण और समाधान निर्वाची पदाधिकारी करेंगे। उम्मीदवारों के मन में जो भी सवाल होंगे उसका समाधान किया जाएगा। ऐसा इसलिए किया जाएगा कि चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के मन में ईमानदार मन और भाव जगे। उनके मन में बेईमान मन की भावना जागृत नहीं हो। इसके लिए विवि प्रशासन कदम उठा रहा है।
छात्रसंघ चुनाव संचालन के मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. योगेंद्र ने कहा कि सभी कॉलेजों के प्राचार्य सह निर्वाची पदाधिकारी को इस संबंध में पत्र दिया जा रहा है। उनका मानना है कि मतगणना में उम्मीदवारों के द्वारा आरोप लगाया जाता है। मतदान और मतगणना में आरोप लगते रहे हैं। जिसका समाधान नहीं होने पर माहौल अशांत हो जाता है। इस तरह की समस्याओं से बचने के लिए निर्वाची पदाधिकारियों को निर्देश दिया जा रहा है कि वे उम्मीदवारों को संतुष्ट करेंगे।
उम्मीदवारों के मन के नकारात्मक भाव को निर्वाची पदाधिकारी दूर करेंगे। उन्होंने कहा कि स्वच्छ मतदान से लोकतंत्र मजबूत होता है। पारदर्शी व्यवस्था में चुनाव लडऩे वाले छात्र-छात्राओं के मन में विश्वास जन्म लेता है। छात्र संघ चुनाव भविष्य की राजनीति की सीढ़ी होती है। स्वच्छ और पारदर्शी चुनावी व्यवस्था से छात्र-छात्राओं के मन में यह भाव जगेगा कि विधानसभा और लोकसभा का चुनाव भी इसी तरह होता है। इसलिए छात्रसंघ चुनाव को कॉलेज स्तर पर ही पारदर्शी बनाने पर विवि प्रशासन बल दे रहा है।