विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

TMBU में पीजी के 33 विषयों में शुरू होगा भारतीय ज्ञान प्रणाली कोर्स! सिंडिकेट की मुहर, परीक्षा केंद्रों में भी बदलाव

Published: Sat, 12 Sep 2026 02:15 PM (IST)

TMBU Syndicate Meeting: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में स्नातकोत्तर छात्रों के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली (आईकेएस) का दो क्रेडिट का ...और पढ़ें

TMBU Syndicate Meeting: टीएमबीयू में पीजी के 33 विषयों में शुरू होगा भारतीय ज्ञान प्रणाली का 2 क्रेडिट कोर्स; सिंडिकेट ने दी मंजूरी

TMBU Syndicate Meeting: टीएमबीयू में पीजी के 33 विषयों में शुरू होगा भारतीय ज्ञान प्रणाली का 2 क्रेडिट कोर्स; सिंडिकेट ने दी मंजूरी

HighLights

  1. भारतीय ज्ञान प्रणाली कोर्स को सिंडिकेट से मिली अंतिम मुहर।

  2. पीजी के 33 विषयों में शुरू होगा यह दो क्रेडिट का कोर्स।

  3. बीलिस और एमलिस परीक्षा केंद्र में हुआ तत्काल प्रभाव से संशोधन।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। TMBU Syndicate Meeting: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में स्नातकोत्तर (पीजी) के विद्यार्थियों के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली (इंडियन नॉलेज सिस्टम - आईकेएस) से जुड़ा दो क्रेडिट का वैल्यू एडेड कोर्स शुरू करने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। एकेडमिक काउंसिल से मंजूरी मिलने के ठीक एक दिन बाद शुक्रवार को आयोजित सिंडिकेट की ऑनलाइन बैठक में भी इस अहम शैक्षणिक प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगा दी गई।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा अब आवश्यक औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद पीजी सेमेस्टर-1 के छात्र-छात्राओं के लिए कुल 33 विषयों में इस रोजगारोन्मुखी व ज्ञानवर्धक कोर्स की शुरुआत कर दी जाएगी। प्रभारी कुलपति प्रो. विमलेंदु शेखर झा की अध्यक्षता में आयोजित सिंडिकेट की बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। यह विशेष वैल्यू एडेड कोर्स दो क्रेडिट का होगा, जिसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, प्राचीन शोध पद्धतियों और दर्शन के विविध आयामों से परिचित कराया जाएगा।

बैठक के दौरान सिंडिकेट सदस्य डॉ. निर्लेश कुमार ने संवैधानिक मूल्य एवं मौलिक कर्तव्य विषय पर प्रस्तावित वैल्यू एडेड कोर्स का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने ध्यानाकर्षण कराते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर विश्वविद्यालय स्तर से अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। उन्होंने याद दिलाया कि कुछ दिन पूर्व डॉ. आनंद आजाद ने इस बाबत कुलपति को विधिवत आवेदन भी सौंपा था। इस पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया कि उक्त प्रस्ताव पर अगली सिंडिकेट बैठक में गंभीरता से विचार कर निर्णय लिया जाएगा।

सिंडिकेट की बैठक ऑफलाइन कराने और बांका में रखने की मांग

बैठक में सिंडिकेट सदस्य सह विधान पार्षद (एमएलसी) डॉ. संजीव कुमार सिंह ने सिंडिकेट की लगातार हो रही ऑनलाइन बैठकों पर आपत्ति जताई। उन्होंने जोर देकर कहा कि संवाद और विमर्श को प्रभावी बनाने के लिए बैठकें अनिवार्य रूप से ऑफलाइन मोड में आयोजित होनी चाहिए।

  • एकेडेमिक काउंसिल के बाद टीएमबीयू सिंडिकेट की ऑनलाइन बैठक में भारतीय ज्ञान प्रणाली (IKS) से जुड़े दो क्रेडिट के कोर्स को मिली अंतिम मंजूरी

  • पीजी सेमेस्टर-1 के छात्र-छात्राओं के लिए 33 विषयों में शुरू होगा वैल्यू एडेड कोर्स; भारतीय ज्ञान परंपरा से रूबरू होंगे विद्यार्थी

  • सिंडिकेट सदस्य एमएलसी डॉ. संजीव कुमार सिंह ने ऑफलाइन बैठक कराने पर दिया जोर, डॉ. केके मंडल ने पीबीएस कॉलेज बांका में बैठक रखने की रखी मांग

  • बीलिस सेमेस्टर-1 और एमलिस सेमेस्टर-2 का परीक्षा केंद्र बदला; अब पीजी इकोनॉमिक्स की जगह पीजी पॉलिटिकल साइंस में होगी परीक्षा

इस पर प्रभारी कुलपति प्रो. झा ने सहमति जताते हुए कहा कि ऑफलाइन बैठकें अब तक विश्वविद्यालय मुख्यालय में होती रही हैं, लेकिन विकेंद्रीकरण के तहत बैठकों का स्थान बदलते रहना चाहिए। इसी क्रम में सिंडिकेट सदस्य डॉ. केके मंडल ने आगामी सिंडिकेट की बैठक पीबीएस कॉलेज बांका में आयोजित करने का ठोस प्रस्ताव रखा। गहन विचार-विमर्श के बाद यह तय किया गया कि अगली ऑफलाइन बैठक की तिथि और स्थल का निर्धारण जल्द ही कर लिया जाएगा।

बीलिस और एमलिस के परीक्षा केंद्र में संशोधन

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सत्र 2024-25 के तहत आयोजित होने वाली बीलिस सेमेस्टर-1 और एमलिस सेमेस्टर-2 की परीक्षाओं के परीक्षा केंद्र में अपरिहार्य कारणों से तत्काल प्रभाव से संशोधन किया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार ओझा द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, पूर्व में इन दोनों परीक्षाओं के लिए पीजी इकोनॉमिक्स विभाग को परीक्षा केंद्र बनाया गया था, जिसे अब निरस्त कर पीजी पॉलिटिकल साइंस (राजनीति विज्ञान) विभाग को नया परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है।

समय-सारणी के मुताबिक, बीलिस सेमेस्टर-1 की परीक्षा 14 सितंबर से प्रारंभ होगी, जबकि एमलिस सेमेस्टर-2 की परीक्षा 15 सितंबर से ली जाएगी। विश्वविद्यालय ने संबंधित सभी छात्र-छात्राओं और केंद्राधीक्षकों को संशोधित केंद्र के अनुसार समय पर परीक्षा में सम्मिलित होने का निर्देश दिया है।