विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

TMBU के लालबाग परिसर में भरभराकर गिरी क्वार्टर की छत! बाल-बाल बचे प्रोफेसर, तीन बार शिकायत के बाद भी नहीं सुधरे हालात

Published: Mon, 21 Sep 2026 12:09 PM (IST)

TMBU Lalbagh Godavari Apartment Roof Collapse: तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय के लालबाग स्थित गोदावरी अपार्टमेंट में छत का एक बड़ा हिस्सा ...और पढ़ें

टीएमबीयू के लालबाग आवासीय परिसर स्थित गोदावरी अपार्टमेंट में टूटी छत का मलबा

टीएमबीयू के लालबाग आवासीय परिसर स्थित गोदावरी अपार्टमेंट में टूटी छत का मलबा

HighLights

  1. टीएमबीयू लालबाग अपार्टमेंट में छत का बड़ा हिस्सा गिरा।

  2. शिक्षक डॉ. आशीष मिश्रा का परिवार बाल-बाल बचा।

  3. तीन बार शिकायत के बाद भी मरम्मत नहीं हुई।

जागरण संवाददाता, भागलपुर। TMBU Lalbagh Godavari Apartment Roof Collapse:  तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) प्रशासन की घोर लापरवाही के चलते शिक्षकों और कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ गई है। विश्वविद्यालय के लालबाग आवासीय परिसर स्थित गोदावरी अपार्टमेंट के क्वार्टर संख्या एल-1 में रविवार रात अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर पड़ा।

उक्त आवास में मारवाड़ी कॉलेज के शिक्षक डॉ. आशीष कुमार मिश्रा सपरिवार रहते हैं। गनीमत यह रही कि जिस वक्त छत का प्लास्टर और कंक्रीट का स्लैब गिरा, उस समय उस कमरे में कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा और जानलेवा हादसा बाल-बाल टल गया।

घटना के संबंध में डॉ. आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि आवास की जर्जर हालत को लेकर वे विश्वविद्यालय प्रशासन को पूर्व में तीन बार लिखित आवेदन सौंप चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी और न ही कोई सुध ली गई। उन्होंने बताया कि जब उन्हें यह क्वार्टर आवंटित हुआ था, तब रहने लायक स्थिति न होने के कारण उन्होंने स्वयं अपनी जेब से पैसे खर्च कर शुरुआती मरम्मत कराई थी।

इसके बावजूद भवन की स्थिति इतनी खस्ताहाल है कि आंतरिक हिस्सों के साथ-साथ बाहरी दीवारों और दूसरे व तीसरे तल से छज्जे के हिस्से लगातार टूट-टूटकर गिर रहे हैं, जिससे नीचे से गुजरने वालों पर भी हर वक्त खतरा मंडराता रहता है।

TMBU Lalbagh Apartment Roof Collapses Professor Narrowly Escapes (1)

हर माह कटता है एचआरए, फिर भी नहीं होती देखरेख

डॉ. मिश्रा ने विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से हर महीने शिक्षकों और कर्मियों के वेतन से आवास भत्ते (HRA) की नियमित कटौती की जाती है। इसके बावजूद सरकारी आवासों की नियमित मॉनिटरिंग, रखरखाव और समय पर आवश्यक मरम्मत कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। जर्जर और बदहाल आवासों में रहने वाले विश्वविद्यालय कर्मियों और उनके परिजनों की जान हर वक्त सांसत में बनी रहती है।

  • टीएमबीयू के लालबाग आवासीय परिसर स्थित गोदावरी अपार्टमेंट के क्वार्टर संख्या एल-1 में रविवार रात गिरी छत

  • मारवाड़ी कॉलेज के शिक्षक डॉ. आशीष कुमार मिश्रा का है आवास; घटना के वक्त कमरे में किसी के न होने से टला हादसा

  • मरम्मत के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को पूर्व में दिए जा चुके हैं तीन आवेदन, निजी खर्च के बाद भी जर्जर हैं हालात

  • हर माह एचआरए कटौती के बावजूद देखरेख न होने पर रोष; तत्काल तकनीकी निरीक्षण व जीर्णोद्धार कराने की उठाई मांग

TMBU Lalbagh Apartment Roof Collapses Professor Narrowly Escapes (2)

तकनीकी निरीक्षण और तत्काल मरम्मत की मांग

पीड़ित शिक्षक ने विश्वविद्यालय के कुलपति और संबंधित इंजीनियरिंग शाखा से मांग की है कि पूरे अपार्टमेंट और क्वार्टर का फौरन तकनीकी निरीक्षण (स्ट्रक्चरल ऑडिट) कराया जाए और अविलंब गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कार्य शुरू किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते इन जर्जर भवनों की सुध नहीं ली गई, तो आने वाले दिनों में कोई गंभीर दुर्घटना घट सकती है, जिसकी पूरी जवाबदेही विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

"विश्वविद्यालय प्रशासन को तीन बार लिखित आवेदन देकर आवास की दयनीय स्थिति से अवगत कराया जा चुका है। हर महीने वेतन से एचआरए कटने के बाद भी मरम्मत नहीं कराई जा रही। रविवार रात छत गिरी, उस वक्त वहां कोई नहीं था, अन्यथा जानलेवा हादसा हो सकता था। प्रशासन अविलंब तकनीकी जांच कराकर मरम्मत शुरू कराए।"

-

— डॉ. आशीष कुमार मिश्रा, शिक्षक, मारवाड़ी कॉलेज, भागलपुर