बिहार में दर्दनाक हादसा, शौचालय की टंकी में दम घुटने से तीन युवकों की मौत
बिहार के भागलपुर में शौचालय की टंकी में दम घुटने से तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के संबंध में पूरी जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
भागलपुर [जेएनएन]। शौचालय की टंकी में मृत बकरी को निकलाने के लिए घुसे तीन युवकों की एक-एककर दम घुटने से मौत हो गई। घटना भागलपुर के बिहपुर के बभनगामा में हुई।
जानकारी के अनुसार बभनगामा के वार्ड नम्बर 10 मंडल टोला निवासी बिदेश्वरी महतो की अर्धनिर्मित शौचालय की टंकी में बकरी का बच्चा गिरकर मर गया था। इससे आसपास दुर्गंध फैल गई थी। उस मरे बकरी के बच्चे को निकालने के लिए राजाराम महतो (22)टंकी में घुसा। वह काफी देर तक नहीं निकला। इसके बाद फूटो महतो (30) गया, लेकिन वह भी नहीं निकला। दोनों टंकी से बाहर नहीं निकले तो नीरज महतो (28) घुसा। काफी देर बाद तक जब तीनों नहीं निकले तो हाहाकार मच गया।
ग्रामीणों की सूचना पर सीओ रतन लाल, बीडीओ मधु कुमारी, सरपंच श्रवण गुप्ता, मुखिया रेणु देवी, थानाध्यक्ष सुचित कुमार व पीएचसी प्रभारी पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सभी को टंकी से निकाला गया। लेकिन, तब तक देर हो चुकी थी। सभी की पहले ही मौत हो गई थी।
मृतक फूटो महतो की पत्नी पूनम देवी और उसके दो पुत्र तथा तीन पुत्रियों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक नीरज महतो की पत्नी मुन्नी देवी समेत एक पुत्र और तीनों पुत्रियां घटना के बाद से बेहोश हैं। जबकि विदेंश्वरी महतो का पुत्र राजा की मौत से उसके परिजन सदमे है। राजा इंटर का छात्र था।