मुंगेर में फिर पकड़ाई तीन एके 47 राइफलें, दो गिरफ्तार
मुंगेर में एक बार फिर तीन एके 47 राइफलें बरामद की गई हैं।
मुंगेर। मुंगेर में एक बार फिर तीन एके 47 राइफलें बरामद की गई हैं। एसटीएफ की एसआइजी (स्पेशल इंटेलिजेंस ग्रुप) तथा मुंगेर पुलिस द्वारा गुरुवार को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरदह गांव में 15 घंटे तक की गई गहन छापेमारी में यह सफलता हाथ लगी है। इस सिलसिले में पुलिस ने शमशेर आलम उर्फ वीरू एवं रिजवाना बेगम को भी गिरफ्तार किया है। एसपी बाबू राम ने बताया कि 30 अगस्त को मुंगेर पुलिस ने जमालपुर के जुबली वेल चौक से तीन एके 47 राइफलों के साथ हथियार तस्कर इमरान को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली थी कि मध्य प्रदेश के जबलपुर का पुरुषोत्तम लाल लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस से जमालपुर आया था और हथियारों की डिलवरी दी थी। वह जानकारी जबलपुर पुलिस को दी गई। अनुसंधान के बाद हथियारों की तस्करी में संलिप्तता उजागर होने पर जबलपुर पुलिस ने पुरुषोत्तम लाल और उसकी पत्नी चंद्रवती देवी गिरफ्तार कर लिया था। पुरुषोत्तम ने पूछताछ में पुलिस को बताया था कि उसने एक बैग मुंगेर के इमरान और दूसरा बैग शमशेर को दिया था। इस सूचना के आधार पर मुंगेर पुलिस और एसटीएफ की एसआइजी की टीम शमशेर की टोह में लग गई थी। उस टीम ने ही बरदह गांव स्थित शमशेर के घर पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया है। इसके बाद शमशेर की बहन रिजवाना के घर पर छापेमारी की गई। वहां से तीन एके 47 राइफल, एक एके 47 का अतिरिक्त मैगजीन, एक ¨सगल बैरल बंदूक और एक डबल बैरल बंदूक का बट बरामद किया गया। एसपी ने कहा कि उस मकान में एक हजार राउंड कारतूस होने की भी सूचना मिली थी। उसकी घंटों खोजबीन के बाद भी पुलिस को उसमें सफलता नहीं मिली। एसपी ने कहा कि शमशेर और मध्य प्रदेश के जबलुपर में गिरफ्तार किए गए पुरुषोत्तम लाल से पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली है कि अब तक मुंगेर में 60 से 70 एके 47 राइफलों की डिलिवरी की जा चुकी है। कई एके 47 राइफलें नक्सलियों के हाथ भी बेची गई हैं। मुंगेर के आपराधिक गिरोह सहित बिहार के कई जिलों में इस अत्याधुनिक हथियार की बिक्री की गई है। पुलिस उन सभी एके 47 राइफलों की बरामदगी के लिए रणनीति बना रही है।