Move to Jagran APP

हर ओर रास्ता ब्लॉक; गूगल मैप पर जाम की जानकारी ले घर से निकल रहे लोग Bhagalpur News

जाम के कारण भागलपुर जीरो माइल से नवगछिया तक वाहनों की कतार लग गई। भागलपुर-हंसडीहा मार्ग पर भी लोगों को जाम से परेशानी हो रही है।

By Dilip ShuklaEdited By: Published: Mon, 16 Dec 2019 02:25 PM (IST)Updated: Mon, 16 Dec 2019 02:47 PM (IST)
हर ओर रास्ता ब्लॉक; गूगल मैप पर जाम की जानकारी ले घर से निकल रहे लोग Bhagalpur News
हर ओर रास्ता ब्लॉक; गूगल मैप पर जाम की जानकारी ले घर से निकल रहे लोग Bhagalpur News

भागलपुर, जेएनएन। अब गंगा पार जाने से पहले शहरवासी विक्रमशिला सेतु पर जाम का पता लगा रहे हैं। इसके लिए वे गूगल मैप का सहारा ले रहे हैं। हालांकि यह बात दीगर है कि गूगल मैप को भी नहीं पता कि अगले पल कब जाम लग जाए। लोगों का जाम से पीछा नहीं छूट रहा है। सोमवार को तो हालत और खराब थी। ठंड व जाम में जकड़े लोग और उस पर बारिश। यह नजारा था विक्रमशिला सेतु का, जहां कोई दिन ऐसा नहीं गुजर रहा, जब घंटों जाम न रहा हो। इसमें फंसे यात्री और वाहन चालक लाचार थे। दोपहिया वाहन से जा रहे लोगों को तो और परेशानी झेलनी पड़ी, क्योंकि बारिश भी हो रही थी।

loksabha election banner

ठंड में जाम ने जकड़ा

जाम के कारण भागलपुर जीरो माइल से नवगछिया तक वाहनों की कतार लग गई। दरअसल, पाया संख्या 53 के पास सुबह नौ बजे एक ट्रक खराब हो गया। इस कारण सेतु पर आवागमन बाधित हो गया। चार घंटे बाद ट्रक को ठीक कर हटाया गया, तब एक बजे दिन के बाद वन-वे कर गाडिय़ों का परिचालन शुरू कराया गया। लेकिन आगे निकलने की होड़ में शाम पांच बजे फिर जाम लग गया। इस दौरान रुक-रुक कर हो रही बारिश से जाम में फंसे लोग ठिठुर रहे थे।

पूर्णिया, कटिहार की ओर जाने वाली बसें फंसी रहीं

जाम की वजह से पूर्णिया, कटिहार, बेगूसराय, खगडिय़ा, मधेपुरा, सहरसा आदि की ओर जाने वाली बसें फंसी रहीं। कुछ लोग जान जोखिम में डाल कर सेतु के फुटपाथ पर बाइक चला रहे थे। वहीं, कुछ लोग बारिश में भीगते हुए जाह्नवी चौक से जीरोमाइल पहुंचे।

हर दिन आठ से दस हजार ट्रकों का हो रहा परिचालन

गंगा ब्रिज टीओपी के प्रभारी बबलू कुमार ने कहा कि मोकामा और गांधी सेतु पर भारी वाहनों का परिचालन बंद होने से विक्रमशिला सेतु पर दबाव काफी बढ़ गया है। समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, मधेपुरा, बेगूसराय सहित कई जगहों के लिए ट्रक इसी पुल से होकर गुजर रहे हैं। प्रतिदिन आठ-दस हजार ट्रकों का परिचालन हो रहा है। ऐसी स्थिति में पुल पर बड़े वाहनों के खराब होने से जाम लगता है। रविवार को भी सेतु पर छर्री लदे ट्रक के खराब होने से जाम लगा था। वन-वे कर वाहनों का परिचालन कराया जा रहा है।

शुक्रवार को भी स्थाई बाइपास से नवगछिया तक लगा रहा जाम

शुक्रवार को भी विक्रमशिला सेतु पर जाम से लोग जूझते रहे। ओवरटेक की वजह से सुबह सात बजे सेतु पर जाम लग गया। इससे नवगछिया से स्थाई बाइपास तक गाडिय़ों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ओवरटेक करने वाली गाडिय़ों को बगल कर जाम हटाया गया। इसके बाद सुबह नौ बजे वन-वे कर वाहनों का परिचालन शुरू किया गया, लेकिन दो घंटे बाद ही सेतु के पाया संख्या 53 के पास ट्रक खराब हो गया। दोपहर दो बजे के बाद ट्रक को हटाया गया। शाम पांच बजे कुछ देर के लिए लोगों को जाम से राहत मिली। इसी बीच रात नौ बजे फिर जाम लग गया। देर रात तक गाडिय़ां रेंगती रहीं।

बीस दिनों से सेतु पर लग रहा जाम

विक्रमशिला सेतु पर पिछले बीस दिनों से जाम लग रहा है। गंगा पार जाने वाले लोग घर से निकलने से पहले गूगल मैप पर जाम का पता कर रहे हैं। बांका के अलीगंज के रामस्वरूप राय ने कहा कि उन्हें पूर्णिया जाना जरूरी था। दोपहर तीन बजे गूगल मैप के माध्यम से जाम का पता लगा कर घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद भी जाम में फंस गए। सबौर के शिवम महतो ने भी कहा कि गूगल से जाम का पता लगा कर वह शाम पांच बजे बेगूसराय के लिए निकले।

ओवरटेक और ट्रक के खराब होने के कारण सेतु पर जाम लगा था। वन-वे कर परिचालन कराया जा रहा है। -बबलू कुमार, प्रभारी, गंगा ब्रिज टीओपी।

पूरे दिन जाम से जूझते रहे लोग

शहर के लोगों को जाम से राहत नहीं मिल रहा है। हर दिन शहरवासियों को जाम से जूझना पड़ रहा है। शनिवार को भी विक्रमशिला सेतु पर दिन भर गाडिय़ां रेंगती रहीं। इसका असर शहर की ट्रैफिक पर भी पड़ा। लगभग चार घंटे तक शहर के लोग भी जाम से जूझते रहे।

सुबह चार बजे सेतु के पाया संख्या 22 के पास ट्रक खराब हो गया। इससे आवागमन बाधित हो गया। खिरीबांध से नवगछिया तक वाहनों की कतार लग गई। सुबह नौ बजे क्रेन से ट्रक को हटाया गया। इसके बाद वन-वे कर गाडिय़ों का परिचालन शुरू कराया गया। इसी बीच दोपहर एक बजे छोटी गाडिय़ों के ओवरटेक के कारण सेतु पर फिर जाम लग गया। इससे कुछ देर तक परिचालन बाधित रहा। हालांकि त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जाम हटा दिया।

दोपहर ढाई बजे के आसपास स्थाई बाइपास पर सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। इससे आवागमन फिर बाधित हो गया। डेढ़ घंटे बाद शाम पांच बजे वाहनों का परिचालन शुरू कराया गया, लेकिन सेतु के पाया संख्या 73 के पास फिर एक ट्रक के खराब होने से जाम लग गया।

लोदीपुर और गोराडीह मोड़ के पास चालकों ने ट्रकों को रोक दिया

तीन दिन पूर्व जगदीशपुर के पास सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद स्थानीय लोगों ने जमकर बवाल किया था। इस दौरान कई ट्रकों को उग्र भीड़ ने फूंक दिया था। इस घटना की पुनरावृत्ति के डर से शनिवार को स्थाई बाइपास पर सड़क हादसे के बाद लोदीपुर और गोराडीह मोड़ के पास ही चालकों ने ट्रक को रोक दिया। इससे इन मार्गों पर जाम लग गया। इसका असर शहर की सड़कों पर भी पड़ा। मिरजानहाट से भीखनपुर, सिकंदरपुर रोड, डिक्शन मोड़ से मालगोदाम व लोहिया पुल, भीखनपुर गुमटी नंबर बारह समेत शहर के कई इलाकों में तीन-चार घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।

सेतु पर दो ट्रकों के खराब होने और ओवरटेक के कारण जाम लगा था। लोदीपुर और गोराडीह मोड़ के पास रोककर रखे गए ट्रकों को आगे बढ़ाया जा रहा है। -बबलू कुमार, प्रभारी, गंगा ब्रिज टीओपी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.