चोरों ने नेवी अफसर को भी नहीं छोड़ा, 10 लाख की संपत्ति लूट ली Bhagalpur News
भागलपुर में चोरों का आतंक काफी बढ़ गया है। अपराधियों का आतंक इस तरह हाबी है कि किसी के घर में अपराध करने से ये लोग नहीं डरते। पुलिसिया कार्रवाई भी नहीं होती।
भागलपुर, जेएनएन। इशाकचक के आनंदबाग कॉलोनी में चोरों ने नेवी अफसर दिवाकर झा के घर सेंध लगा दी। उनके और किराएदार के कमरों के ताले तोड़ करीब 10 लाख की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।
दिवाकर झा के यहां किराएदार एलआइसी कर्मी पवन भारती की पत्नी बबीता देवी ने बताया कि उनका बेटा भारतीय सेना में कार्यरत है। चार दिन पूर्व वे लोग मकर संक्रांति के अवसर पर अपने घर खगडिय़ा (अगुआनी) गए थे। उन लोगों को बुधवार को ही लौटना था। किसी कारणवश नहीं लौट सके। गुरुवार की सुबह घर पर अखबार पहुंचाने आए हॉकर ने घर का ताला टूटा देख उन्हें इसकी जानकारी दी। यह सुन वे लोग तत्काल भागलपुर पहुंचे। उन्होंने तीन कमरों को किराया पर लिया है। पास ही एक कमरे में मकान मालिक का सामान रहता है। चोरों ने चारों कमरों का ताला तोड़ दिया। अंदर रखे बक्से और अलमारी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अलमारी में करीब 10 भर सोने के जेवर, टीवी, लैपटॉप समेत अन्य सामान थे। सभी उठा ले गए। मकान मालिक के कमरे में अलमारी में दो लाख के गहने थे, उस पर भी हाथ साफ कर दिया। चोरी का केस इशाकचक थाने में दर्ज कराया गया है। पुलिस जांच कर रही है।
22 महीने पहले की डकैती
बदमाशों ने 22 महीने पहले भी नेवी अफसर के घर को निशाना बनाया था। नौ मार्च 2018 को तड़के 3.30 बजे हथियारबंद सात बदमाशों ने इनके पिता और भांजी के साथ मारपीट की थी। विरोध करने पर भांजे राजीव पर गोली भी चलाई थी, जिसमें वे बाल बाल बचे थे। इस मामले में कई बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।