धुरी यादव हत्याकांड : जमशेदपुर भी पहुंचे थे मारने वाले शूटर, सीमा समेत कई हैं पकड़ से बाहर Bhagalpur News
घटना में अजय मिश्रा को हथियार के रूप में इस्तमाल करने वाली जेल में बंद राजाराम सिंह की बहन सीमा और नीरज के अलावा मु. जुल्फिकार उर्फ सोनम टिंकू मियां और मु. मिकाइल अब तक फरार हैं।
भागलपुर, जेएनएन। चार नवंबर को उर्दू बाजार में चिरंजीवी उर्फ धुरी यादव की हत्या में शामिल भाड़े के शूटर जमशेदपुर भी गए थे। वे लोग वहां घटना को अंजाम देने वाले मास्टरमाइंड अजय मिश्रा से मिले थे। अजय ने उन लोगों को रहने के लिए जगह भी उपलब्ध कराई थी। शूटरों को सारी बात और मामला अजय ने खुद समझाया था। अजय ने मिश्रा ने शूटरों को रुपये देने की बात पुलिस के सामने स्वीकारी है। उसने नाथनगर के जिशान नाम के बदमाश का नाम पुलिस को बताया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
तीन शूटरों की गिरफ्तारी बनी पुलिस की चुनौती
पुलिस के लिए धुरी को गोली मारने वाले तीन शूटरों की गिरफ्तारी चुनौती बनी हुई है। पुलिस ने अजय मिश्रा की निशानदेही पर शूटरों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन तेज कर दिया है। जब तक जिशान की गिरफ्तारी नहीं होती, पुलिस को अन्य के बारे में जानकारी मिलना मुश्किल है। पुलिस को जानकारी मिली है कि भाड़े के शूटर स्थानीय हैं। पुलिस जिशान के करीबियों पर नजर रख रही है। उसके हर गतिविधि की जानकारी पर पुलिस निगरानी कर रही है। जिशान का मोबाइल भी कुछ दिनों से बंद है।
सीमा समेत कई हैं पकड़ से बाहर
घटना में अजय मिश्रा को हथियार के रूप में इस्तमाल करने वाली जेल में बंद राजाराम सिंह की बहन सीमा और नीरज के अलावा मु. जुल्फिकार उर्फ सोनम, टिंकू मियां और मु. मिकाइल अब तक फरार हैं। उनके बारे में भी पुलिस को अब तक जानकारी नहीं मिली है। गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में अब उक्त लोगों के विरुद्ध न्यायालय में कुर्की-जब्ती की अर्जी देने की तैयारी कर रही है। यदि वे लोग गिरफ्तार नहीं होते हैं, तो पुलिस उनकी संपत्ति को कुर्क कर लेगी। पुलिस की तकनीकी जांच की टीम भी लगातार आरोपितों पर नजर रख रही है। अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।