रेंजर के हाथ को अजगर ने जकड़ा
वनों के रेंज पदाधिकारी सुरेश प्रसाद गुप्ता के हाथ को एक अजगर ने जकड़ लिया।
सुपौल(जेएनएन)। कटैया वन विभाग के डिपो में लकड़ी की लॉट की नीलामी के दौरान वनों के रेंज पदाधिकारी सुरेश प्रसाद गुप्ता के हाथ को एक अजगर ने जकड़ लिया। किसी तरह लोगों ने प्रयास कर उन्हें अजगर से मुक्त कराया।
जानकारी के अनुसार सुरेश प्रसाद गुप्ता एक लकड़ी की मोटाई नाप रहे थे। इसी दौरान मंगलवार को डिपो में छोड़े गए एक अजगर ने उनका हाथ अपने जबड़े में जकड़ लिया। इसके बाद वहां अफरातफरी मच गई। फॉरेस्ट अफसर केके झा तथा अन्य लोगों ने अजगर के गले को दबाकर उनके हाथ को छुड़ाया। तीन माह पूर्व भी गोल चौक के पास एक गुमटी के नीचे से लोगों ने एक अजगर को पकड़कर वन विभाग को सौंपा था। अजगर के अलावा पूर्व में यहां नेपाल के जंगल से मृग, हिरन, हाथी के आने की खबर मिलती रही है। जंगली सूअर भी यहां पकडे़ जा चुके हैं। सेंट्रल वर्कशॉप, कटैया पावर हाउस में आए दिन अजगर मिलते रहते हैं। अक्सर टरबाइन चलने के दौरान यहां अजगर कटने की सूचना मिलती रहती है। यहां वन्य जीवों के लिए अभयारण्य खोलने की मांग भी जोर पकड़ रही है।