पीएचईडीकर्मी की हत्या में शामिल कुख्यात सुबोध गिरफ्तार, कहा प्रेम-प्रसंग का मामला Bhagalpur News
14 जुलाई की रात पांच लाख की रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने बस स्टैंड पर गौतम को गोलियों से छलनी कर दिया था। इसके बाद पुलिस छापेमारी कर रही थी।
भागलपुर [जेएनएन]। पूर्णिया जिले के पीएचईडी कर्मी गौतम यादव की हत्या में शामिल कुख्यात सुबोध पासवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। सुबोध की गिरफ्तारी सजौर इलाके के रजनपुर गांव स्थित उसके ससुराल से हुई है। यह जानकारी सिटी डीएसपी राजवंश सिंह ने बरारी पुलिस चौकी में रविवार को प्रेसवार्ता में दी।
कई बार चकमा दे चुका था सुबोध
गौतम की हत्या के बाद एसएसपी आशीष भारती ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए सिटी डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित की थी। इस लेकर बरारी इंचार्ज सुनील कुमार झा ने कई इलाकों में दबिश दी थी। लेकिन हत्याकांड का नामजद आरोपित बरारी का नकुल यादव और सुबोध पासवान पुलिस को चकमा देकर भाग निकले थे। इस बार उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने रात से ही सजौर में जाल बिछाकर रखा था।
प्रेम प्रसंग की बात जांच में आई है सामने
सुबोध ने गौतम की हत्या में शामिल कई अन्य बदमाशों के नाम बताए हैं। पुलिस को जानकारी मिली है कि गौतम यादव को गोली मारने में सुरखीकल का फंटूश तांती समेत अन्य शामिल था। पुलिस संतनगर में एक लड़की से गौतम के प्रेम प्रसंग की जानकारी हुई है। इस बिंदु पर पुलिस आगे की जांच कर रही है। पुलिस उस लड़की की भी तलाश कर रही है।
देह व्यापार मामले में हुआ था गिरफ्तार
सुबोध पर करीब आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। इशाकचक पुलिस ने छह जून को सुबोध पासवान, फंटूश तांती और विक्की पासवान को देह व्यापार कराते एसयूवी गाड़ी से दबोचा था। वह 2018 में हुए मनोज यादव हत्याकांड में अप्राथमिकी अभियुक्त है। वह 2009-10 में कटिहार जिले के सोनोली इलाके से लड़की का अपहरण करते हुए गिरफ्तार हुआ था। 2010 में लोदीपुर के खुटाहा गांव में हुई बमबाजी में वह जेल गया है। सुबोध अपने साथियों के साथ नेपाल के विराटनगर के होटल में हथियार के साथ पकड़ाया था।
क्या था मामला
14 जुलाई की रात पांच लाख की रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने बस स्टैंड पर गौतम को गोलियों से छलनी कर दिया था। गौतम डीवीसी कॉलोनी के समीप राजा कोठी में रहते थे और पूर्णिया जिले में पीएचईडी कर्मी थे। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में गौतम के भाई मनोज यादव ने संतनगर के नकुल यादव, खंजरपुर के विकास यादव, जीरोमाइल के सुबोध पासवान सहित अन्य अज्ञातों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में विकास यादव ने 19 जुलाई को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप