खगडिय़ा के लोगों के खुशखबरी... 20 करोड़ की लागत से नया गांव में बनेगा स्टेडियम, अगवानी से पटना के लिए चलेंगी बसें
खगडिय़ा के लोगों को जल्द एक साथ कई तोहफा मिलने वाला है। यहां पर 20 करोड़ की लागत से स्टेडियम का निर्माण कराया गया है। यहां पर स्टेडियम नहीं होने के कारण स्थानीय खिलाडिय़ों को नियमित रूप से अभ्यास करने में परेशानी होती है।
जागरण संवाददाता, खगडिय़ा। खगडिय़ा के लोगों के लिए खुशखबरी है। नयागांव में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेडियम का निर्माण होगा। इस पर पूरे 20 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसके अंदर खिलाडिय़ों के लिए कई तरह की सुविधाएं होगी। यह स्टेडियम राज्य स्तरी होगा। इसके अलावा यहां से पटना के लिए सीधी बस सेवा की भी शुरुआत की जाएगी। इसके लिए भी कवायद शुरू कर दी गई है। शुरू में अगवानी से पटना के लिए बसें खुलेंगी।
ये बातें परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार ने कही। शिरोमणि टोला- नयागांव दुर्गा मंदिर परिसर में अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि अगुवानी- सुल्तानगंज महासेतु का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चालू है। नयागांव में 20 करोड़ की लागत से राज्य स्तरीय स्टेडियम बनेगा। इसके लिए भी बाधाएं दूर कर ली गई है। शीघ्र अगुवानी से पटना के बीच सरकारी बस सेवा शुरू होगी। कहा, जनता की उम्मीद पर खड़े उतरेंगे। इस मौके पर आलोक कुमार, मिथिलेश कुमार, मुखिया राजेंद्र भगत, वीरेंद्र चौधरी, डॉ. कपिलदेव कुमार, शंकर सिंह, अशोक सिंह, गगन कुमार सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य शैलेंद्र कुमार शैलेश, मुखिया जनार्दन कुमार सिंह, साकेत कुमार आदि मौजूद थे।
लंबे समय से हो रही मांग
खगडिय़ा में स्टेडियम बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। दरअसल, यहां पर स्टेडियम नहीं होने के कारण स्थानीय खिलाडिय़ों को नियमित रूप से अभ्यास करने में परेशानी होती है। खास कर बरसात के दिनों में वे अभ्यास नहीं कर पाते हैं। जितने भी मैदान हैं, ज्यादातर में पानी भर जाते हैं। इससे उनका अभ्यास प्रभावित होता है। इस स्टेडियम के निर्माण से वे नियमित रूप से अभ्यास कर सकेंगे। लोगों ने बताया कि यहां के कई खिलाडिय़ों ने पूर्व में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर दमखम भी दिखाया है। लेकिन हाल के दिनों में संसाधनों के अभाव में खिलाडिय़ों को उचित मौका नहीं मिल पा रहा था।