न्याय यात्रा के दूसरे दिन पूर्णिया में तेजस्वी, कहा- अंतिम सांस तक बीजेपी से समझौता नहीं
तेजस्वी यादव ने संविधान बचाओ न्याय यात्रा के दूसरे दिन पूर्णिया में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में अघोषित आपातकाल लगा हुआ है।
पूर्णिया [जेएनएन]। सूबे के पूर्व उप मुख्यमंत्री सह विस में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को कहा कि देश की एकता को बीजेपी व आरएसएस की नीति से खतरा है। देश का एक बड़ा वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। ऐसे दल से अंतिम सांस तक मैं समझौता नहीं कर सकता।
तेजस्वी यादव पूर्णिया के बायसी अनुमंडल मुख्यालय में संविधान बचाओ न्याय यात्रा के दौरान एक सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में अघोषित आपातकाल की स्थिति है। सरकार की नाकामयाबी को उजागर करने वालों को केस में फंसाकर जेल डाला जा रहा है। देश में अल्पसंख्यकों, दलितों व पिछड़ों पर अत्याचार हो रहा है। आरक्षण की व्यवस्था को समाप्त करने की साजिश रची जा रही है। आरएसएस संविधान समीक्षा की बात कह रहा है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर तानाशाही शासन चलाने का आरोप लगाया। कहा कि डबल इंजन वाली सरकार में बिहार में विकास का काम ठप हो गया है। अपराध व भ्रष्टाचार बढ़ गया है। जनता ने जिनके नाम पर महागठबंधन को वोट दिया, उन्हें आज साजिश रचकर जेल में डाल दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार ने पिछले दरवाजे से सत्ता हासिल कर ली है। लालू प्रसाद बिहार में बीजेपी के लिए सबसे बड़ी बाधा हैं। इस कारण उनके पूरे परिवार को केस में फंसाकर सरकार डराना चाहती है।
इससे पूर्व सभा को राजद के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे, सांसद बूलो मंडल, पार्षद तनवीर हसन, कमरे आलम, मंगनीलाल मंडल, विधायक नीरज यादव, राज फातमी, हाजी अब्दुस सुबहान व अरुण यादव ने भी संबोधित किया। सभा का संचालन पूर्व विधायक दिलीप यादव ने किया।