लाल डायरी और मोबाइल में छिपा है छात्र की हत्या का राज
तौकीर हसन का शव शनिवार की शाम कमरे में फंदे से लटका मिला। वह पुनीता देवी के मकान में किराए पर रहता था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था।
भागलपुर [जेएनएन]। 12वीं के छात्र तौकीर हसन की मौत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पिता तनवीर हसन ने तिलाकामांझी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने अज्ञात व्यक्तियों पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक उसके पास एक लाल डायरी रहती थी। जिसमें वह अपने रोज की गतिविधि लिखता था। लेकिन वह डायरी और मोबाइल कमरे से गायब है। इस लेकर पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। आशंका है कि उसी में तौकीर के हत्या का राज छिपा हुआ है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला मिला है। इसी दबाव में उसने खुदकशी की है। लेकिन जांच पूरी होने के बाद ही कारण स्पष्ट हो पाएगा। तनवीर के बांयी हाथ में कई कटे हुए निशान थे।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
गौरतलब है कि उसका शव शनिवार की शाम कमरे में फंदे से लटका मिला। वह पुनीता देवी के मकान में किराए पर रहता था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कुछ दोस्तों ने खिड़की से अंदर झांका। उसका शव प्लास्टिक के रस्सी से लटका हुआ था। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने उसके खुदकशी करने की बात कही। लेकिन परिजनों ने खुदकशी की बात से इंकार किया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। परिजन उसके शव को लेकर खगडिय़ा के चोढली लेकर चले गए।
हत्या को लेकर परिजनों का दावा
1. तौकीर के पैर की उंगलियां चौकी से सट गई थी।
2. रूम से गायब मिला मोबाइल फोन
3. दरवाजा तोडऩे के पहले पुलिस और परिवार वालों को क्यों नहीं बताया गया।
4. प्रतिदिन का जिस डायरी में लिखता था रूटिन वह कैसे हुई गायब
5. आसपास रहने वाले लड़कों को कैसे नहीं लगी भनक
6. 10 फीट से ज्यादा उंची कुंडी पर बगैर कुर्सी कैसे बांधी रस्सी
सबूत जो खुदकशी की तरफ कर रहे इशारा
1. दोस्तों के पहुंचने के बाद अंदर से बंद था दरवाजा, तोडऩे के मिले हैं निशान
2. कमरे के अंदर से कोई और रास्ता नहीं निकलता बाहर की ओर
3. रस्सी से लटकने के लिए तौकीर ने चौकी पर बैग और कंबल का किया था प्रयोग
4. फंदे से झूलने के बाद उसकी जीभ बाहर निकल गई थी
5. चार से सात बजे के बीच कैसे व्यस्त घर में हत्या कर शव को लटका दिया गया।
6. यदि हत्या होती तो कान में कैस लगा हुआ था इयर फोन