मार्च 2020 तक चालू हो जाएगा सुल्तानगंज गंगा पुल, 16 जनवरी को CM करेंगे हवाई सर्वेक्षण
प्रधान सचिव ने बताया कि पुल निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। गंगा पर बन रहे पुल की लंबाई 3.1 किलोमीटर है। पायों का काम लगभग पूरा हो चुका है। फाउंडेशन का काम भी हो रहा है।
भागलपुर [जेएनएन]। पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव अमृत लाल मीणा ने रविवार को यहां निर्माणाधीन सुल्तानगंज अगुवानी गंगा पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन पुल के पिलर संख्या 5 और कास्टिंग यार्ड का निरीक्षण किया और वहां मौजूद अधिकारियों से पुल निर्माण में तेजी लाए जाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बारीकी से सभी फाइलों का अध्ययन किया। इससे पूर्व प्रधान सचिव का निरीक्षण होने की बात सुनते ही सभी अधिकारी चौकस दिखे। उनके आने से ठीक पूर्व सभी अपने कामों में व्यस्त रहे।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रधान सचिव ने बताया कि पुल निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। गंगा पर बन रहे पुल की लंबाई 3.1 किलोमीटर है। पायों का काम लगभग पूरा हो चुका है। फाउंडेशन का काम भी हो रहा है। सेगमेंट कास्टिंग का काम 60 प्रतिशत तक हो चुका है। दोनों जिलों में भू अर्जन तेजी से चल रहा है। साथ ही कहा कि नवंबर 2019 तक इस पुल को बन जाना था। लेकिन भू अर्जन में हुए विलंब के कारण अब मार्च 2020 तक का लक्ष्य रखा गया है।
प्रधान सचिव ने किया घोरघट पुल का निरीक्षण
वहीं सुल्तानगंज में गंगा पुल के निरीक्षण के बाद पटना जाने के रास्ते प्रधान सचिव ने एनएच 80 पर घोरघट पुल का निरीक्षण किया। साथ ही कार्यस्थल पर पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जानकारी दी कि घोरघट पुल का तेजी से काम हुआ है। मुंगेर जिले में भू अर्जन की थोड़ी समस्या अभी भी बनी हुई है।
प्रधान सचिव ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुल्तानगंज गंगा पुल का हवाई सर्वेक्षण करने 16 जनवरी को आएंगे। प्रधान सचिव के निरीक्षण के दौरान पुल निगम के कई वरीय अधिकारी मौजूद थे। उसमें विभाग के मैनेजिंग डायरेक्टर उमेश कुमार, एसपी सिंगला कंपनी के जनरल मैनेजर विक्रम सिंह, कार्यपालक अभियंता विजय कुमार शामिल हैं।