कागज पर स्लोगन के साथ तस्वीर उकेर कर एसएम कॉलेज की छात्रओं ने बताया मतदान का महत्व, जानिए...
भागलपुर में मतदाता दिवस के मौके पर एसएम कॉलेज की छात्राओं ने कागज पर स्लोगन के साथ तस्वीर उकेर कर लोगों को जागरूक किया। जिसमें एक से एक पोस्टर छात्राओं द्वारा तैयार किया गया था। इस दौरान छात्राओं को वोटिंग के महत्व से भी अवगत कराया गया।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। सुंदरवती महिला महाविद्यालय (एसएम कॉलेज) में सोमवार को मतदाता जागरूकता दिवस के मौके पर छात्राओं ने अपनी प्रतिभा को प्रदर्शन किया। उनके बीच मतदाता को जागरूक करने को लेकर पोस्टर प्रतियोगिता का भी आयोजन किया। जिसमें एक से एक पोस्टर छात्राओं द्वारा तैयार किया गया था। उनके द्वारा एक रैली भी निकाली गई। कार्यक्रम की शुरूआत प्राचार्य डॉ. रमन सिन्हा, डॉ. तब्बसुम परवीन, डॉ. माला सिन्हा, डॉ. अनुराधा प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया।
प्राचार्य ने छात्राओं को बताया मतदान का महत्व
प्राचार्य ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान नागरिकों का अपना अधिकार है। हमें इसका प्रयोग करना चाहिए। तब्बसुम परवीन ने कहा कि अध्यक्षीय भाषण दिया। संचालन एनएसएस की कॉलेज प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. अनुराधा ने किया। इस मौके छात्रा अनुकृति कुमारी ने कहा कि युवा शक्ति के तीन काम हैं, शिक्षा सेवा और मतदान। उन्होंने कहा कि हमें एक अच्छा इंसान बनना चाहिए, तभी हम एक बेहतर नागरिक बन सकते हैं। मतदान हमारा मौलिक कत्र्तव्य है। इसके अलावा अदिति और नीति ने भी अपने विचार रखे।
बीएन कॉलेज में भी कार्यक्रम का किया गया आयोजन
वहीं भागलपुर नेशनल कॉलेज (बीएन कॉलेज) में भी मतदाता जागरूकता दिवस आयोजित किया गया। इस मौके पर प्राचार्या प्रो. नीलू कुमारी ने राम राज्य संकल्पना को आधार स्तम्भ मानते हुए जागरूकता को लोकतंत्र की सफलता के लिए आवश्यक बताया। मंच का संचालन डॉ. इरशाद अली ने किया। डॉ. पिंकू कुमार ने उत्तरदायी शासन व्यवस्था एवं सशक्त लोकतंत्र की स्थापना के लिए जागरूकता की आवश्यकता बताई। डॉ. सुजाता कुमारी ने मतदान की महत्ता पर प्रकाश डाला। डॉ. प्रभा कुमारी, डॉ. रविशंकर मिश्रा ने भी अपने विचार रखे।
शहर के अन्य स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित
इसके अलावा भी शहर में विभिन्न स्थानों पर मतदाता जागरूकता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्याथियों को मतदान के महत्व से अवगत कराया गया। इस दौरान कई जगहों पर नुक्कड़ नाटक और कविता पाठ कर भी मतदाताओं को जागरूक किया गया।